पुणे-जयपुर ट्रेन के जनरल कोच में अलग-अलग बैठे थे आरोपी,लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए,नेपाल भागने की फिराक में थे…

कोटा,19 अक्टूबर 2026। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में कोटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार सुबह पुलिस ने कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को पकड़ा। इनमें दो वयस्क और एक नाबालिग शामिल है। पुलिस के अनुसार,तीनों लॉरेंस गैंग से जुड़े हुए हैं और वारदात के बाद विदेश भागने की फिराक में थे। आरोपी पुणे-जयपुर ट्रेन से जयपुर पहुंचने और वहां से बस के जरिए दिल्ली होते हुए नेपाल जाने की योजना बना रहे थे। कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को सोमवार सुबह 10 बजकर 18 मिनट पर पकड़ा गया। आरोपी पुणे-जयपुर ट्रेन संख्या 12939 के जनरल कोच में अलग-अलग जगहों पर बैठे हुए थे। पुलिस ने उनकी पहचान सोनीपत (हरियाणा) निवासी रेहान उर्फ सुक्का,बेगूसराय (बिहार) निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और सोनीपत निवासी एक नाबालिग के रूप में की है।
एसपी तेजस्विनी गौतम के अनुसार,रेहान लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में था। पुलिस का कहना है कि रेहान ने ही सोनीपत के नाबालिग को कथित तौर पर इस योजना में शामिल किया था। मुंबई में फायरिंग की घटना के बाद तीनों के राजस्थान के रास्ते भागने की सूचना मिलने पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई।
और उन्हें पकड़ लिया।
मुंबई में रहते थे आरोपी,अलग-अलग करते थे काम
पुलिस के मुताबिक, बिहार निवासी ऋतिक कुर्मी मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में रहता है और रैपिडो चलाता है। वहीं,हरियाणा निवासी रेहान और नाबालिग मजदूरी करते हैं। मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर कोटा पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की।
जयपुर से दिल्ली और फिर नेपाल जाने की थी योजना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,तीनों आरोपी पुणे-जयपुर ट्रेन से जयपुर पहुंचने के बाद बस से दिल्ली जाने वाले थे। इसके बाद नेपाल के रास्ते विदेश भागने की योजना थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है,ताकि फायरिंग की वारदात में उनकी भूमिका, साजिश और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में इन तीनों की गिरफ्तारी को जांच की दिशा में अहम माना जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur