-संवाददाता-
राजपुर,18 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटागहना में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चरित्र शंका के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की लकड़ी के डंडे से निर्मम हत्या कर दी। राजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
क्या है पूरा मामला : पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को ग्राम कोटागहना के उपसरपंच अनिल तिवारी (पिता नारद तिवारी, उम्र 53 वर्ष) ने राजपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि गांव के ही रहने वाले रामवृक्ष कोरवा उर्फ पिंटू (पिता जागर कोरवा,उम्र 35 वर्ष) ने अपनी पत्नी चिंतामणि कोरवा की लकड़ी के डंडे से मारपीट कर हत्या कर दी है। प्रार्थी की लिखित रिपोर्ट पर थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
क्यों हुई खौफनाक वारदात? पुलिस जांच और गवाहों के बयानों से खुलासा हुआ कि आरोपी रामवृक्ष अपनी पत्नी चिंतामणि के चरित्र पर शक करता था। घटना वाले दिन मृतिका मोबाइल फोन पर किसी अज्ञात व्यक्ति से बात कर रही थी और साथ ही अपने दो वर्षीय बेटे रयांश कोरवा को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपनी पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
त्वरित कार्रवाई और बरामदगी : मामले की गंभीरता को देखते हुए राजपुर पुलिस ने फौरन एक्शन लिया। विवेचना के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और मृतिका के खून से सने कपड़े जब्त कर लिए हैं। पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी रामवृक्ष कोरवा को 17 अक्टूबर 2026 की शाम 19ः10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur