बेजुबान डॉग शेल्टर में 210 कुत्तों समेत अन्य पशुओं की देखभाल,जनसहयोग से चल रहा सेवा कार्य
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। घायल,बीमार और बेसहारा पशुओं को नया जीवन देने की कोशिश में जुटा बेजुबान डॉग शेल्टर पिछले सात वर्षों से सेवा कार्य कर रहा है। इस दौरान शेल्टर की टीम 11 हजार से अधिक कुत्तों का रेस्क्यू कर चुकी है। वर्तमान में यहां 210 कुत्तों के साथ बिल्लियों,घोड़ों और अन्य जरूरतमंद पशुओं की देखभाल की जा रही है। हाल ही में टीम ने जशपुर से आगे के क्षेत्र से घायल अवस्था में मिले तीन घोड़ों का रेस्क्यू कर उन्हें उपचार के लिए शेल्टर पहुंचाया। शेल्टर के सुधांशु शर्मा ने बताया कि टीम का उद्देश्य सडक दुर्घटनाओं में घायल,गंभीर रूप से बीमार और परित्यक्त पशुओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराना है। रेस्क्यू के बाद पशुओं के भोजन,दवाइयों, उपचार और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की जाती है। कई पशुओं को चोट या बीमारी के कारण लंबे समय तक देखभाल की जरूरत होती है। हाल ही में रेस्क्यू किए गए तीनों घोड़ों के पैरों में चोटें थीं। उन्हें सुरक्षित तरीके से शेल्टर लाया गया, जहां उनकी देखभाल और उपचार किया जा रहा है। यह पहल बताती है कि शेल्टर की टीम कुत्तों के साथ अन्य जरूरतमंद पशुओं की मदद के लिए भी प्रयासरत है।
जनसहयोग से चल रहा सेवा कार्य
शेल्टर का संचालन मुख्य रूप से जनसहयोग और दान से होता है। यहां रह रहे पशुओं के लिए प्रतिदिन भोजन, दवाइयों और इलाज की व्यवस्था करना बड़ी जिम्मेदारी है। रेस्क्यू और परिवहन पर भी खर्च होता है। ऐसे में शेल्टर ने समाज के लोगों और पशु प्रेमियों से सहयोग की अपील की है। सुधांशु शर्मा के अनुसार,लोगों का छोटा-सा सहयोग भी किसी घायल पशु के इलाज,भूखे जानवर को भोजन और बेसहारा पशु को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने में मददगार हो सकता है। शेल्टर का उद्देश्य बेजुबानों को सुरक्षित जीवन और बेहतर देखभाल उपलब्ध कराना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur