-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर क्षेत्र के बेलदगी गांव में वन विभाग की कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि खचा कुडा जंगल में वन विभाग के अधिकारियों ने बिना पूर्व सूचना दिए उनकी टमाटर और जटकी की फसल उजाड़ दी। ग्रामीणों का कहना है कि खेती में लाखों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन फसल नष्ट होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण वन विभाग पहुंच कर अपनी नाराजगी जताई। मामला 16 अक्टूबर का है, जब वन विभाग की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की फसलें उखाड़कर फेंक दी गईं। ग्रामीणों के मुताबिक,उन्होंने बीज, खाद और खेती के अन्य संसाधनों पर लाखों रुपये खर्च किए थे। फसल तैयार होने से पहले ही उसे नष्ट किए जाने से उनकी मेहनत और पूंजी दोनों पर संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि वन भूमि पर खेती को लेकर वन विभाग को आपत्ति थी, तो उन्हें पहले नोटिस देकर अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाना चाहिए था। इसी कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने थाने पहुंचकर नुकसान की जांच के साथ उचित समाधान की मांग की। फिलहाल, जमीन की कानूनी स्थिति, कार्रवाई में अपनाई गई प्रक्रिया और फसल के वास्तविक नुकसान को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है। अब देखना होगा कि वन विभाग और प्रशासन ग्रामीणों की शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur