दो मुकाबलों का फैसला टाईब्रेकर से…तीसरे मैच में मेंड्रा ने 1-0 से मारी बाजी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। गांधी स्टेडियम में खेली जा रही संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 के दूसरे राउंड में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। तीन मैचों में बलसेड़ी, परसोढ़ी और मेंड्रा की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर की ओर कदम बढ़ाए। पहले दो मुकाबलों का फैसला टाईब्रेकर से हुआ, जबकि तीसरे मैच में मेंड्रा ने 1-0 से जीत हासिल की। दिन का पहला मुकाबला बलसेड़ी और बढऩी झरिया के बीच खेला गया। दोनों टीमों ने पहले हाफ में बेहतर तालमेल के साथ खेलते हुए गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरे हाफ में भी दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं।
इसके बाद टाईब्रेकर में बलसेड़ी ने 4-3 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में पीजी रॉयल अंबिकापुर और परसोढ़ी की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों टीमों ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी गोल नहीं कर सकी। मैच का निर्णय टाईब्रेकर से हुआ,जिसमें परसोढ़ी ने 5-4 से जीत दर्ज की।
मेंड्रा ने गुमगरा को 1-0 से दी शिकस्त :
दिन के तीसरे मुकाबले में गुमगरा और मेंड्रा के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं।
दूसरे हाफ में मेंड्रा ने एक गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली। अंतिम समय तक गुमगरा की टीम बराबरी नहीं कर सकी और मेंड्रा ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैचों में निर्णायक की भूमिका ललित किशोर, आयुष और रामबहादुर लांबा ने निभाई। प्रतियोगिता के दौरान कार्यकारिणी सदस्य दीपक कुजूर, कमलेश किस्पोट्टा, अखिलानंद, विनोद पैकरा और मंगल उपस्थित रहे।
18 अक्टूबर को होंगे तीन मुकाबले : प्रतियोगिता में 18 अक्टूबर को तीन मैच खेले जाएंगे। पहला मुकाबला एमएफसी कपसरा और शंकरगढ़ के बीच, दूसरा एफसी कर्मयोगी और कोटेया के बीच तथा तीसरा सरगुजा इलेवन और अंबिकापुर यूनाइटेड के बीच होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur