नई दिल्ली,16 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थू्र अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना के तहत महाराष्ट्र, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर में पांच औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) क्लस्टर के उन्नयन के लिए 1,194.92 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी गई है। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में योजना की छठी राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इन मंजूरियों के साथ पीएम-सेतु के तहत स्वीकृत कुल निवेश 3,687 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। योजना के तहत टाटा स्टील फाउंडेशन,बीवीजी इंडिया,बेलराइज इंडस्ट्रीज,ईगल इंफ्रा इंडिया और इंदरदीप इंफ्रा इंडिया पांच आईटीआई क्लस्टर के आधुनिकीकरण में भागीदारी करेंगे। इसका उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक, उद्योग की जरूरतों के अनुरूप और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कौशल प्रशिक्षण केंद्रों में बदलना है। बैठक में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव निरंजन कुमार सुधांशु, संयुक्त सचिव मानसी सहाय ठाकुर सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी), राज्य सरकारों, केंद्रशासित प्रदेशों, उद्योग भागीदारों और बहुपक्षीय विकास बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। राष्ट्रीय संचालन समिति ने ओडिशा के कटक आईटीआई क्लस्टर के लिए 240.50 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। इसका उन्नयन टाटा स्टील फाउंडेशन के साथ साझेदारी में किया जाएगा। इस क्लस्टर में सरकारी आईटीआई कटक को हब बनाया जाएगा, जबकि चौद्वार, पारादीप,जाजपुर और ढेंकनाल स्थित सरकारी आईटीआई को स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल किया गया है। महाराष्ट्र के पुणे आईटीआई क्लस्टर के लिए 241 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसका क्रियान्वयन बीवीजी इंडिया लिमिटेड और बीवीजी फाउंडेशन की साझेदारी में होगा। सरकारी आईटीआई औंध, पुणे को हब बनाया जाएगा, जबकि औंध महिला आईटीआई, पिंपरी चिंचवाड़, खेड़ (राजगुरुनगर) और मुलशी के सरकारी आईटीआई को इससे जोड़ा जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur