बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से लेकर संक्रमण नियंत्रण तक में मिली कमियां,दोबारा निरीक्षण से पहले सुधार के निर्देश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,15 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं के दावों के बीच नवापारा शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं। 13 अक्टूबर को हुए कायाकल्प असेसमेंट में अस्पताल निर्धारित मानकों पर खरा नहीं उतरा। निरीक्षण में मिली कमियों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जिला स्तरीय टीम के निरीक्षण में बायोमेडिकल वेस्ट का पृथक्करण एवं प्रबंधन, संक्रमण नियंत्रण और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। निर्धारित चेकलिस्ट के अनुरूप तैयारियों में भी कमी पाई गई। सीएमएचओ कार्यालय के अनुसार, ये खामियां स्वास्थ्य संस्था के गुणवत्ता मानकों और कायाकल्प कार्यक्रम के उद्देश्यों के विपरीत हैं।
सुधार के बाद होगा दोबारा असेसमेंट : सीएमएचओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को नोटिस प्राप्त होने के सात दिन के भीतर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कमियों को दूर कर सुधारात्मक कार्रवाई का प्रतिवेदन अभिलेखों और फोटोग्राफ सहित प्रस्तुत करने को कहा है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने की चेतावनी दी गई है।
प्रदेश में पहचान से गुणवत्ता पर सवाल तक : नवापारा का यह स्वास्थ्य केंद्र पहले कायाकल्प योजना में प्रदेश स्तर पर पहचान बना चुका है। ऐसे में मौजूदा निरीक्षण में सामने आई कमियां अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत को रेखांकित करती हैं। अब देखना होगा कि निर्धारित समय में कमियां दूर कर अस्पताल दोबारा असेसमेंट में गुणवत्ता मानकों पर कितना खरा उतरता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur