अमित शाह बोले…केवल नक्सलवाद खत्म करना पर्याप्त नहीं,दर्द दूर करना सरकार की जिम्मेदारी
दंतेवाड़ा,15 अक्टूबर 2026। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में दिव्यांग सहायक उपकरण शिविर का वर्चुअल शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि, केवल नक्सलवाद खत्म करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि हिंसा से प्रभावित लोगों के दर्द को दूर करना और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। नक्सलवाद को खत्म करने के लिए केंद्र के वादे को दोहराते हुए शाह ने कहा कि,प्रधानमंत्री ने इस खतरे को खत्म करने के लिए 31 मार्च 2026 की डेडलाइन तय की थी। पीएम मोदी ने संकल्प लिया था कि हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म कर देंगे। मुझे खुशी है कि आज नक्सलवाद खत्म हो गया है। बता दें कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 15 से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर में दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा के 768 दिव्यांगों को लाभ मिलेगा। इनमें दंतेवाड़ा के 509, बीजापुर के 197 और सुकमा के 62 लोग शामिल हैं। अमित शाह ने कहा कि, नक्सल हिंसा में कई लोगों ने अपने हाथ-पैर गंवाए, जबकि कुछ की देखने और सुनने की क्षमता प्रभावित हुई। ऐसे सभी लोगों तक मदद पहुंचाकर उनका पुनर्वास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, सरकार ऐसा बस्तर बनाना चाहती है, जहां बच्चे भयमुक्त हों, युवाओं के पास हुनर हो और परिवार खुशहाल हों। जगदलपुर में 5 से 7 अक्टूबर तक आयोजित शिविर में 3,600 से अधिक दिव्यांगजन लाभान्वित हुए थे। इनमें बस्तर के 1,570 से ज्यादा लोग शामिल थे। गृहमंत्री ने बताया कि बस्तर में 200 से अधिक सुरक्षा शिविरों को ‘शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित करने की योजना है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur