चार दिन से मोहनपुर-महेशपुर के खेतों में पहुंच रहा हाथियों का दल,वन विभाग की निगरानी भी चुनौतीपूर्ण
-संवाददाता-
उदयपुर,14 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। वन परिक्षेत्र उदयपुर के कर्मकरा जंगल में 26 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। हाथियों का दल पिछले चार दिनों से मोहनपुर और महेशपुर के खेतों में पहुंचकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। मंगलवार रात भी हाथियों ने कई एकड़ में लगी फसल रौंद दी। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, दल में शामिल एक आक्रामक दंतैल हाथी के कारण वन विभाग की निगरानी टीम को भी सतर्क रहना पड़ रहा है। हाथियों के लगातार विचरण से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। दिन और रात जंगल में हाथियों की चिंघाड़ सुनाई दे रही है। ग्रामीणों ने सुरक्षा के मद्देनजर जंगल में आना-जाना बंद कर दिया है। इसका असर जंगल में होने वाले कटाई के काम पर भी पड़ा है। फिलहाल हाथियों का दल कर्मकरा जंगल में डेरा जमाए हुए है। हाथियों के दल में शामिल एक दंतैल आसपास की गतिविधियों पर लगातार नजर रखता है। बताया जा रहा है कि वह वाहनों को देखकर भी पीछे नहीं हटता और आक्रामक रुख अपनाता है। ऐसे में वन विभाग की टीम हाथियों की निगरानी के दौरान विशेष सावधानी बरत रही है और दंतैल के करीब जाने से बच रही है। जंगल में हाथियों की गतिविधियों और आपसी संघर्ष के चलते कई जगह जमीन पर अखाड़े जैसी स्थिति भी दिखाई दे रही है। धान की फसल तैयार होने के दौर में हाथियों के खेतों तक पहुंचने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। लगातार चार दिनों से हाथियों की आवाजाही के कारण ग्रामीणों में अनहोनी की आशंका बनी हुई है। हाथियों की मौजूदगी के बीच ग्रामीणों को खेतों और जंगल की ओर जाने से बचना पड़ रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur