विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच,महिलाओं सहित बुजुर्गों और जरूरतमंदों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार,14 अक्टूबर को घुटरापारा स्थित आंगनबाड़ी भवन में निःशुल्क आउटरीच स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम अंबिकापुर के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में कुल 125 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। सुबह 10 बजे से दोपहर 4ः30 बजे तक चले शिविर में 66 महिलाएं और 59 पुरुष शामिल हुए। विभिन्न रोगों की जांच और उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मौजूद रही। शिविर में सर्दी-बुखार से पीडि़त 28,खुजली एवं त्वचा संबंधी समस्याओं से ग्रसित 15,गैर-संचारी रोगों से संबंधित 40 तथा वृद्धावस्था संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं वाले 31 मरीजों को सेवाएं दी गईं। अन्य मरीजों का भी स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया गया। शिविर में चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. पी.के. सिन्हा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. शीला नेताम,स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दुर्गा बड़कर, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. जया अग्रवाल, चिकित्सा अधिकारी डॉ. शोहेब खान और दंत चिकित्सक डॉ. वाणी वर्मा ने मरीजों की जांच की। नेत्र सहायक अक्षय कुशवाहा सहित फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन,स्टाफ नर्स, आरएचओ,एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जगसाय सिंह सरूता, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. दीपक गुप्ता तथा सीपीएम डॉ. सीमा तिग्गा उपस्थित रहे। सीएमएचओ डॉ. सरूता ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों के जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मदद मिलती है। शिविर का उद्देश्य नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न बीमारियों के प्रति जागरूक करना भी है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य जांच, उपचार, दवा वितरण और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur