Breaking News

सोनहत (कोरिया)@ शक्ति की भक्ति में डूबा सोनहत,मां दुर्गा के जयकारों से गूंजे पंडाल

Share


फॉरेस्ट कॉलोनी और जनपद चौक में विधि-विधान से हुई मां दुर्गा की स्थापना,प्रतिदिन भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालु
-संवाददाता-
सोनहत (कोरिया),1३ अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा सोनहत क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति और आराधना में सराबोर हो गया है। चारों ओर माता के जयकारों,भक्ति गीतों और धार्मिक आयोजनों से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है, नवरात्रि के आगमन के साथ ही क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई। विशेष रूप से फॉरेस्ट कॉलोनी और जनपद चौक के समीप स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण और आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं, दोनों स्थानों पर आकर्षक पंडालों का निर्माण कर विद्युत सज्जा की गई है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई स्थापना
नवरात्रि के प्रथम दिवस रविवार की संध्या को पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। पूजा-अर्चना के साथ घटस्थापना कर नौ दिनों तक चलने वाली देवी आराधना का शुभारंभ हुआ,श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सुख,समृद्धि,शांति और खुशहाली की कामना की,प्रथम दिवस मां शैलपुत्री की आराधना के साथ भक्तों ने नवरात्रि का शुभारंभ किया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां शैलपुत्री का स्वरूप शक्ति, धैर्य, स्थिरता और दृढ़ आस्था का प्रतीक माना जाता है। माता के दरबार में पहुंचकर श्रद्धालुओं ने परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
द्वितीय दिवस मां ब्रह्मचारिणी की आराधना,मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
नवरात्रि के दूसरे दिन सोमवार को मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई, सुबह से ही पूजा स्थलों और पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया,भक्तों ने माता को रोली,अक्षत और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया,धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी तपस्या,त्याग,संयम और साधना की प्रतीक हैं,उनकी आराधना से भक्तों को कठिन परिस्थितियों का सामना करने की शक्ति और जीवन में धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है,नवरात्रि के इन पावन दिनों में पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार के बीच सोनहत का वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आ रहा है।
रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाए पंडाल महाआरती में शामिल हो रहे भक्त
फॉरेस्ट कॉलोनी और जनपद चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और रोशनी से सजे पंडाल शाम होते ही श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहे हैं, महाआरती के दौरान दीपों की रोशनी,घंटियों की ध्वनि और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है, भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं,बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में नवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है,श्रद्धालु परिवार सहित पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रतिदिन भंडारे का आयोजन, श्रद्धालुओं
को कराया जा रहा प्रसाद ग्रहण

नवरात्रि के दौरान पूजा-अर्चना के साथ सेवा और धार्मिक सद्भाव की भावना को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है, फॉरेस्ट कॉलोनी और जनपद चौक के दुर्गा पूजा स्थलों पर प्रतिदिन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु भक्तिभाव से प्रसाद
ग्रहण कर रहे हैं,माता के दर्शन के लिए पहुंचने वाले लोगों को प्रसाद वितरित करने के साथ सामूहिक रूप से भोजन कराने की व्यवस्था की जा रही है,भंडारे में सहभागिता से धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश भी प्रसारित हो रहा है,नवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूजा समितियों और आयोजन से जुड़े लोगों की सक्रियता से धार्मिक कार्यक्रमों को व्यवस्थित रूप से संचालित किया जा रहा है, प्रतिदिन आयोजित होने वाला भंडारा श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है।
व्यवस्था बनाए रखने में जुटे समिति के सदस्य
नवरात्रि के दौरान पंडालों में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजन समितियों के सदस्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में जुटे हुए हैं, दर्शनार्थियों की सुविधा,पूजा कार्यक्रमों के संचालन और भंडारे की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,समितियों से जुड़े लोग धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, नवरात्रि के अवसर पर सोनहत में दिखाई दे रहा उत्साह धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी परिचायक है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ग्लैमर के साथ समाजसेवा की झलक,अंबिकापुर में उर्वशी रौतेला वअक्षरा सिंह का दिखेगा जलवा

Share 15 को बॉलीवुड अभिनेत्री उर्वशी रौतेला,16 को भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह करेंगी शिरकत,सरगवां पैलेस …

Leave a Reply