मां शारदा मानस मंडली बतरा को दूसरा और कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर को मिला तीसरा स्थान,आज पुरुष मानस मंडलियों की प्रतियोगिता और राम रूप सज्जा का आयोजन
-संवाददाता-
अंबिकापुर,13 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। विजयादशमी महोत्सव 2026 के तहत कलाकेंद्र मैदान में मंगलवार को संभाग स्तरीय महिला रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचीं महिला मानस मंडलियों ने रामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों का भावपूर्ण गायन कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। प्रतियोगिता में प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में मां शारदा मानस मंडली बतरा दूसरे और कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर तीसरे स्थान पर रही। मुख्य निर्णायक श्रीमती पूर्णिमा पटेल एवं दिनेश कुमार मिश्र के मूल्यांकन के आधार पर प्रज्ञा मानस मंडली आंजोरपुर को 100 में से 79 अंक, मां शारदा मानस मंडली बतरा को 76 अंक तथा कौशलेन्द्र मानस मंडली रामानुजनगर को 75 अंक मिले।
इसके अलावा मां संतोषी दुर्गा मानस मंडली पिपरा,ज्योति मानस मंडली खरवत, मां शारदा मानस मंडली उदयपुर, मां कामेश्वरी मानस मंडली गिरजाही और शिव मानस मंडली लटमा ने भी अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। ढोलक, मंजीरे और हारमोनियम की संगत पर प्रस्तुत मानस गायन ने पूरे आयोजन स्थल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम दरबार,मां दुर्गा के नौ स्वरूपों और मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इस दौरान रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता को व्यापक स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय पंडित रविशंकर त्रिपाठी का स्मरण किया गया। अतिथियों और समिति पदाधिकारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
आयोजन में नगर निगम अंबिकापुर की महापौर श्रीमती मंजूषा भगत,सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, एमआईसी सदस्य,पार्षद तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी, नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल, अनिल सिंह (मेजर),भारत सिंह सिसोदिया,महासचिव मधुसूदन शुक्ला, ललन प्रताप सिंह,आलोक दुबे, दीपक सोनी,राजेश कश्यप,पीयूष कुमार त्रिपाठी सहित समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और रामभक्तों ने मानस गायन का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा और वीर सोनी ने संयुक्त रूप से किया।
आज पुरुष मानस मंडलियों की प्रतियोगिता
विजयादशमी महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार, 14 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से कलाकेंद्र मैदान में संभाग स्तरीय पुरुष मानस मंडलियों की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए राम रूप सज्जा प्रतियोगिता भी होगी। सरगुजा सेवा समिति ने धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन में सहभागिता करने की अपील की है। उक्त जानकारी समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur