रामानुजगंज में विशेष वाहन जांच अभियान,नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई…एसपी वैभव बैंकर के निर्देश पर यातायात पुलिस की सख्ती
-संवाददाता-
बलरामपुर,13 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शहर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। रामानुजगंज में चलाए गए विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान नो-एंट्री नियम का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों सहित कुल 21 मामलों में कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने इन मामलों में कुल 39 हजार 200 रुपए का जुर्माना लगाया। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। जांच के दौरान निर्धारित प्रतिबंधों के बावजूद नो-एंट्री क्षेत्र में वाहन प्रवेश कराने वालों को पकड़ा गया। इसके अलावा यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
नो-एंट्री उल्लंघन पर विशेष नजर : शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए पुलिस ने प्रतिबंधित मार्गों पर वाहनों की आवाजाही की जांच की। अभियान में नो-एंट्री के 15 मामलों के अलावा यातायात नियमों के उल्लंघन के छह अन्य प्रकरण सामने आए। सभी 21 मामलों में मिलाकर 39,200 रुपए का अर्थदंड लगाया गया।
चालान से बचने नहीं, सुरक्षा के लिए नियमों का पालन जरूरी : कार्रवाई के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। पुलिस ने कहा कि नो-एंट्री के प्रतिबंधों का पालन करना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और यातायात संकेतों का सम्मान करना जरूरी है। नियमों की अनदेखी से न केवल चालक,बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की भी हिदायत दी गई।
पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया। यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur