-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। बांकी बांध की मुख्य नहर की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण के मामले में मंगलवार सुबह प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाया। एसडीएम बन सिंह नेताम के नेतृत्व में पहुंची टीम ने जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटाकर भूमि को मुक्त कराया। उक्त जमीन जल संसाधन विभाग की बताई जा रही है।दरअसल भाजपा नेता आलोक दुबे व कांग्रेस नेता परवेज आलम ने नहर की जमीन पर अतिक्रमण और उसके कथित अवैध क्रय-विक्रय की शिकायत कलेक्टर से अलग-अलग की थी। शिकायत में श्रीगढ़ लुचकी ग्राम पंचायत के कांतीप्रकाशपुर क्षेत्र में दरिमा मोड़ से भाथुपारा तालाब तक करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में नहर की जमीन पर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया था। शिकायत कर्ता के अनुसार, जमीन पर डामर सडक बनाकर लोहे का बड़ा गेट भी लगा दिया गया है। शिकायत कर्ता ने बताया कि संबंधित भूमि जल संसाधन विभाग की शासकीय जमीन है। इस संबंध में पहले भी विभाग को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। मंगलवार को प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur