Breaking News

अम्बिकापुर@ कलाकेंद्र मैदान में 13 से गूंजेंगे मानस के स्वर, 16 अक्टूबर को दिखेगी शैला-सुगा नृत्य की छटा

Share


विजयादशमी महोत्सव में पहली बार पुरुषों के साथ महिला मानस मंडलियों को भी मिलेगा अलग मंच
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
विजयादशमी महोत्सव 2026 में इस बार रामचरितमानस की चौपाइयों के साथ सरगुजा की लोकसंस्कृति के रंग भी बिखरेंगे। सरगुजा सेवा समिति, नागरिक समिति और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले महोत्सव के तहत 13 और 14 अक्टूबर को संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता तथा 16 अक्टूबर को पारंपरिक शैला और सुगा लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। खास बात यह है कि इस वर्ष पुरुष और महिला मानस मंडलियों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सभी प्रमुख प्रतियोगिताएं कलाकेंद्र मैदान के खुले प्रांगण में होंगी, ताकि अधिक से अधिक लोग कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद ले सकें।
13-14 अक्टूबर को मानस गायन और राम रूप सज्जा : महोत्सव के तहत 13 एवं 14 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन एवं राम रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें सरगुजा संभाग की मानस मंडलियां अपनी प्रस्तुतियां देंगी। इस बार पारंपरिक पुरुष मानस मंडलियों के साथ महिला मानस मंडलियों के लिए भी स्वतंत्र प्रतियोगिता रखी गई है। दोनों वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मंडलियों को अलग-अलग प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के साथ प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन मानस के जानकारों का निर्णायक मंडल करेगा। महिला मानस मंडलियों को अलग मंच देने की पहल धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का अवसर भी है। इससे उन महिला मंडलियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा,जो लंबे समय से मानस गायन के माध्यम से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ा रही हैं।
16 अक्टूबर को शैला और सुगा नृत्य की अलग-अलग स्पर्धाएं : सरगुजा की जनजातीय परंपराओं और लोककला को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 16 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता होगी। इसमें पारंपरिक शैला (सैलानी) और सुगा नृत्य की अलग-अलग श्रेणियां रहेंगी। दोनों विधाओं के दल अपनी कला, पारंपरिक वेशभूषा, लय और सामूहिक प्रस्तुति के जरिए दर्शकों के सामने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत प्रस्तुत करेंगे। दोनों श्रेणियों में प्रथम,द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को अलग-अलग नकद पुरस्कार और सम्मान दिया जाएगा। लोक नृत्य प्रतियोगिता के माध्यम से पारंपरिक कलाओं को मंच देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संभागभर की मंडलियों से भागीदारी की अपील : सरगुजा सेवा समिति के अनुसार, रामचरितमानस गायन और लोक नृत्य प्रतियोगिताओं के लिए मानस मंडलियों तथा सांस्कृतिक दलों का पंजीयन जारी है। संभाग के इच्छुक दलों से जल्द संपर्क कर पंजीयन कराने की अपील की गई है। पंजीयन और विस्तृत जानकारी के लिए महासचिव मधुसूदन शुक्ला से मोबाइल नंबर 98261 19960, प्रयागराज साहू से 99261 70775 तथा महेंद्र अग्रवाल से 98264 21201 पर संपर्क किया जा सकता है। समिति ने रामभक्तों,मानस प्रेमियों, लोकसंस्कृति के अनुरागियों और आम नागरिकों से कलाकेंद्र मैदान पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि विजयादशमी महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपराओं को भी व्यापक मंच उपलब्ध कराना है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ देवी भक्ति गीत ‘महामाया माई-अंबिका के दुवारी’ से निधि श्री विश्वकर्मा ने बिखेरी सुरों की भक्ति,सरगुजा का बढ़ाया मान

Share गायिका निधि श्री की आवाज में सजा मां महामाया का भक्ति गीत,संगीत संयोजन से …

Leave a Reply