रायपुर,12 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में राजस्व पटवारी संघ ने पीवी ऐप की व्यवहारिक एवं तकनीकी समस्याओं का निराकरण नहीं होने, पटवारियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई और वर्षों से लंबित मांगों को लेकर 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। राजस्व पटवारी संघ की प्रांतीय इकाई के आह्वान पर जिला शाखा रायपुर के सभी पटवारी हड़ताल में शामिल होंगे। इस संबंध में कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया है। राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश तिवारी के मुताबिक,पीवी ऐप के माध्यम से फसल के भौतिक सत्यापन के दौरान कई व्यवहारिक और तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इन समस्याओं को लेकर पूर्व में शासन और विभाग को ज्ञापन सौंपकर अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस और व्यावहारिक समाधान नहीं निकाला गया है। संघ ने इस स्थिति पर नाराजगी जताई है। संघ का आरोप है कि पटवारी पहले से ही कई महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों का जिम्मा संभाल रहे हैं। इनमें डिजिटल क्रॉप सर्वे,एग्रीस्टैक पंजीयन,किसान पंजीयन,बकेट क्लेम,जनगणना के प्रथम चरण,लघु सिंचाई संगणना, रेलवे एवं राष्ट्रीय राजमार्ग सर्वे, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र,स्वामित्व योजना और सेवा संकल्प शिविर सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इसके बावजूद पीवी ऐप के बहिष्कार को लेकर बलौदाबाजार जिले में संघ के पदाधिकारियों और अन्य पटवारियों के तबादले तथा कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने का मामला सामने आया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur