Breaking News

नई दिल्ली@पहली बार विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च….एसआईआर और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका लगाई,राहुल-अखिलेश समेत 10 पार्टियों के 11 नेता याचिकाकर्ता

Share


नई दिल्ली,12 अक्टूबर 2026। राहुल,प्रियंका,खड़गे के साथ अन्य विपक्षी सांसद सोमवार शाम अचानक सुप्रीम कोर्ट के अंदर पहुंचे। पहले विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के बाराखंभा रोड से सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च निकाला था। उन्हें 500 मीटर पहले रोक दिया गया था। यह पहली बार है जब विपक्षी नेताओं ने किसी मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला। एसआईआर में गड़बड़ी के खिलाफ विपक्ष ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है, जिसमें राहुल गांधी,अखिलेश यादव,तेजस्वी यादव समेत 11 विपक्षी नेता याचिकाकर्ता हैं। मार्च के पहले राहुल गांधी ने 40 मिनट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने कहा था कि विपक्ष का मार्च शिवजी की बारात की तरह है,इसमें कोई भी शामिल हो सकता है। रविवार को विपक्षी सांसदों ने चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत को पत्र लिखा था और ज्ञापन सौंपने के लिए समय मांगा था। लेकिन सीजेआई ने मिलने से इनकार कर दिया और याचिका दाखिल करने के लिए कहा था।
सुप्रीम कोर्ट में याचिका,11 नेताओं के नाम
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल जनहित याचिका में 11 नेताओं के नाम शामिल हैं। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी,कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव शामिल हैं। इनके अलावा शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत,माकपा के एम. ए. बेबी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी. राजा,झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी,राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सुप्रिया सुले और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के ई. टी. मोहम्मद बशीर के नाम भी याचिका में हैं।
निर्वाचन आयोग समेत चार प्रतिवादी
याचिका में भारत निर्वाचन आयोग के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू व विवेक जोशी को प्रतिवादी बनाया गया है। विपक्षी नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए हैं। साथ ही,उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।
राहुल-खरगे समेत नेताओं ने किए हस्ताक्षर
एसआईआर विवाद को लेकर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और अखिलेश यादव समेत 11 याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट में पहुंचकर रिट याचिका पर हस्ताक्षर किए। गौरतलब है कि राहुल गांधी की कानूनी टीम की ओर से सुप्रीम कोर्ट में रिट याचिका पहले ही दाखिल की जा चुकी थी।
राहुल की लीगल टीम ने
समय-सीमा बढ़ाने की मांग की…

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की कानूनी टीम सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री के शाम 4ः30 बजे बंद होने की समय-सीमा के बाद याचिका दाखिल करने के लिए समय बढ़ाने की मांग कर रही है। आम तौर पर ऐसे मामलों में पक्षकार सुप्रीम कोर्ट की ई-फाइलिंग सेवा का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो 24&7 उपलब्ध रहती है।
प्रदर्शन की जगह बदलकर
सरकार बच नहीं सकती

अखिलेश यादव ने कहा…आंदोलन और धरना जारी रहेगा। लोकतंत्र को बचाना हमारी जिम्मेदारी है। बीजेपी,चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। वह हमेशा सत्ता में बने रहना चाहती है। वे फर्जी वोटर लिस्ट बनाते हैं, फर्जी वोट डालते हैं और चुनाव के नतीजे तैयार करते हैं। सरकार प्रदर्शन की जगह बदलकर खुद को नहीं बचा सकती और न ही प्रदर्शन स्थल बदलने से कथित गड़बडि़यां छिप सकती हैं। हम लोकतंत्र के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे। संघर्ष जारी रहेगा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली रवाना होने से पहले आरोप लगाया कि भाजपा अब भी फर्जी वोट बनवा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पूरा होने के बाद भी बड़ी संख्या में दोहरे वोट मौजूद हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के इशारे पर काम करता दिखाई दे रहा है।
वहीं, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि इंडिया ब्लॉक का मार्च शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूरे देश की मांग है। उन्होंने दावा किया कि देशभर में लोग विरोध कर रहे हैं।
राहुल गांधी को सिर्फ अराजकता
फैलाना आता है : अनुराग ठाकुर

भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट तक विपक्षी दलों के मार्च पर निशाना साधा। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा,‘’राहुल गांधी जी कहने के लिए तो नेता प्रतिपक्ष हैं, लेकिन ले ये एक ऐसे नेता हैं जिन्हें न तथ्यों का पता है,न तर्क का पता है और न ही नियम-कानून का पता है। उन्हें सिर्फ अराजकता फैलाने, अस्थिरता पैदा करने, संवैधानिक पदों और संस्थाओं को नीचा दिखाने तथा दुनिया भर में भारत की छवि को कमजोर कैसे करना है, उन्हें सिर्फ यही करने आता है। यह देश का दुर्भाग्य है कि नेता प्रतिपक्ष के पद पर बैठे व्यक्ति का आचरण इतना अराजक,अस्थिर और अगंभीर नजर आता है।’’अनुराग ठाकुर ने कहा,‘’राहुल गांधी,जिनके लबों पर लब्ज है- वोट चोरी… दरअसल वो कर रहे हैं जनादेश के साथ सीनाजोरी। राहुल गांधी सिर्फ हवा-हवाई बातें करते हैं, क्योंकि वो हवा-हवाई नेता हैं। इनके राजनीति का पूरा पैटर्न ही हवा-हवाई है। ये बार बार आरोप लगाते हैं और फिर कोर्ट में जाकर माफी मांगते हैं। ये इनका ट्रैक रिकॉर्ड है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@पटाखा बैन…सुप्रीम कोर्ट बोला-कम प्रदूषण वाले तरीके अपनाएं

Share वकील ने कहा…भगवान को पता चले कि उनके नाम पर बच्चे बीमार हो रहे …

Leave a Reply