पार्षद दीपक यादव की पहल,पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को 15 हजार से 50 हजार तक ऋण दिलाने की प्रक्रिया में मदद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर12 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। छोटे कारोबारियों और फुटपाथ पर दुकान लगाकर आजीविका चलाने वालों को आर्थिक मदद दिलाने के उद्देश्य से शहीद भगत सिंह वार्ड में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का विशेष शिविर लगाया गया। वार्ड पार्षद दीपक यादव की पहल पर आयोजित शिविर में लोगों को योजना की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों के आवेदन फॉर्म भरवाए गए। योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को अपना काम शुरू करने, कारोबार बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए ऋण सहायता उपलब्ध कराना है। शिविर के जरिए जरूरतमंदों को आवेदन प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया गया,ताकि जानकारी के अभाव या आवेदन संबंधी परेशानी के कारण कोई पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। पार्षद दीपक यादव ने कहा कि छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना संचालित की जा रही है।
वार्ड में शिविर लगाने का उद्देश्य पात्र लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाना और आवेदन प्रक्रिया में उनकी मदद करना है। उन्होंने कहा कि प्रयास रहेगा कि वार्ड का प्रत्येक पात्र हितग्राही योजना का लाभ लेने के लिए आगे आए।
योजना का लाभ लेने से पहले इन बातों पर दें ध्यान : प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराया जाता है। योजना की पात्रता और निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स आवेदन कर सकते हैं। शिविर में आवेदन भरना ऋण स्वीकृति की गारंटी नहीं है। अंतिम स्वीकृति संबंधित बैंक और योजना के नियमों के अनुसार होगी।
वार्डवासियों के लिए जरूरी है कि वे आवेदन करते समय आवश्यक दस्तावेजों और पात्रता संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें। योजना का लाभ लेने के इच्छुक लोग वार्ड पार्षद कार्यालय या संबंधित निकाय से संपर्क कर आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पार्षद दीपक यादव ने कहा कि वार्ड में छोटे कारोबारियों को स्वरोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur