भगवान अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर निकली शोभायात्रा,पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए समाजजन,अग्रसेन चौक पर हुई महाआरती

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। 11 घोड़ों पर सवार भगवान श्री अग्रसेन जी के पुत्र, ढोल-नगाड़ों की गूंज और आकर्षक झांकियों के बीच रविवार को अंबिकापुर अग्रसेनमय हो गया। भगवान श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती पर अग्रवाल समाज ने भव्य शोभायात्रा निकाली। इसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। पारंपरिक वेशभूषा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जयकारों से सजे आयोजन ने शहरवासियों का ध्यान खींचा। शहर के विभिन्न मार्गों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। जयंती कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब पांच बजे प्रभात फेरी से हुई। इसके बाद सुबह 8.30 बजे हवन-पूजन किया गया और करीब 11 बजे समाजजनों के लिए अग्रसेन भोज का आयोजन हुआ। शाम को निकली शोभायात्रा में पुरुष एक जैसे परिधान में नजर आए,जबकि महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण की। समाजजनों की एकरूपता और उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा में 11 घोड़ों पर भगवान अग्रसेन जी के पुत्रों की सवारी विशेष आकर्षण रही। भगवान अग्रसेन के जीवन पर आधारित जीवंत झांकी के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया। अग्रसेन दरबार,गौशाला की झांकी,लाइव ऑर्केस्ट्रा और गौरेला नृत्य दल की प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। महाराष्ट्र के नागपुर से आए शिवारंभ ढोल दल की थाप पर समाजजन झूमते और नाचते हुए आगे बढ़े। ढोल-नगाड़ों,आतिशबाजी और जयकारों के बीच पूरे मार्ग पर उत्सव का माहौल बना रहा। श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने शोभायात्रा की अगुवाई की। विभिन्न स्थानों पर लोगों और सामाजिक संगठनों ने जुलूस का स्वागत किया।
अग्रसेन चौक पर महाआरती : शोभायात्रा के समापन पर भगवान श्री अग्रसेन चौक में महाआरती की गई। आकर्षक रोशनी के बीच हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने आरती कर समाजजनों को अग्रसेन जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
समाज के सभी वर्गों की रही भागीदारी : आयोजन में श्री अग्रवाल सभा के उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल और शुभम अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल सहित सभा के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रहे। महिला सभा की अध्यक्ष मधु अग्रवाल, उपाध्यक्ष मधु गर्ग और सचिव ममता गर्ग सहित महिला सदस्यों ने आयोजन में भागीदारी निभाई।
युवा मंच के अध्यक्ष अतुल बंसल और युवती मंच की अध्यक्ष शिखा अग्रवाल के नेतृत्व में युवाओं ने भी आयोजन की व्यवस्थाओं में योगदान दिया। समाज के महिला-पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी शोभायात्रा में शामिल हुए। जयंती के आयोजन ने समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था को प्रदर्शित किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur