Breaking News

अम्बिकापुर@आस्था के रंग में रंगा अंबिकापुर,मंदिरों से पूजा पंडालों तक गूंजे जयकारे

Share

शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना,महामाया मंदिर में घट स्थापना के बाद प्रज्ज्वलित किए गए ज्योति कलश


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,11 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को शहर का माहौल भक्तिमय नजर आया। सुबह से ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी। कहीं मां महामाया के दरबार में माथा टेककर भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना की,तो कहीं घरों और पूजा पंडालों में विधि-विधान से घट स्थापना कर मां दुर्गा का आह्वान किया गया। मंदिरों में घंटियों की गूंज,मंत्रोच्चार और माता के जयकारों के बीच नौ दिवसीय आराधना पर्व की शुरुआत हुई। नवरात्र के प्रथम दिन मां दुर्गा के शैलपुत्री स्वरूप की पूजा की गई। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजन कर परिवार की खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। देवी मंदिरों में सुबह से देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला चलता रहा। भक्तों की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।
देवी मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु : महामाया मंदिर के अलावा समलाया मंदिर,मां दुर्गा शक्तिपीठ गांधी चौक, संत हरकेवल मंदिर,काली मंदिर,रघुनाथपुर मंदिर और शीतला मंदिर सहित शहर के विभिन्न देवी मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में देवी भागवत कथा, दुर्गा पाठ और भजन-कीर्तन के आयोजन किए जा रहे हैं। पहले दिन मां का विशेष शृंगार भी किया गया।
घरों में भी आराधना, पंडालों में स्थापित हुईं प्रतिमाएं : नवरात्र पर्व को लेकर घरों में भी विशेष तैयारियां की गईं। श्रद्धालुओं ने पूजा स्थल पर कलश स्थापना कर देवी पाठ शुरू किया। कई भक्त नौ दिनों तक उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे और नवमी पर पूर्णाहुति के बाद व्रत का पारण करेंगे। वहीं,शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों ने भी पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कीं। जयस्तंभ चौक,ब्रह्म रोड, सदर रोड,दर्रीपारा,सांड़बार बैरियर, कुंज विहार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सरगवां, मायापुर और चांदनी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इसके साथ ही शहर में नौ दिनों तक चलने वाले धार्मिक आयोजनों और दुर्गोत्सव का माहौल बन गया है।
महामाया मंदिर में विधि-विधान से पूजा
शहर के आराध्य मां महामाया मंदिर में नवरात्र के पहले दिन विशेष पूजन किया गया। सरगुजा रियासत और मंदिर के पुरोहित ने विधि-विधान से घट स्थापना कर मां महामाया की आराधना की। इस दौरान मुख्य अनुष्ठान के लिए मंदिर का द्वार आम श्रद्धालुओं के लिए करीब एक घंटे तक बंद रखा गया। अनुष्ठान पूरा होने के बाद मंदिर के पट खोले गए और भक्तों ने मां के दर्शन किए। इसके बाद मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। श्रद्धालुओं ने ज्योत जलाकर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।


Share

Check Also

सूरजपुर/सावारावा @धान कम मिला तो जांच हुई,एफआईआर का आदेश हुआ फिर शॉर्टेज शून्य कैसे ?

Share सावारावा में 10 करोड़ से अधिक के धान का हिसाब उलझा,धान कम मिला,जांच हुई,कलेक्टर …

Leave a Reply