- कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं विधायक प्रबोध मिंज ने विजेता खिलाडि़यों को किया पुरस्कृत,खिलाडि़यों का बढ़ाया उत्साह
- खेल जीवन में अनुशासन,आत्मविश्वास और संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं : कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल
- सरगुजा ओलंपिक में 15 हजार 567 खिलाडि़यों ने कराया पंजीयन,2 हजार 270 से अधिक खिलाडि़यों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दिखाई प्रतिभा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरोमा श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं का शनिवार को पीएमस्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय,लखनपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाडि़यों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक का आयोजन 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक किया गया। प्रतियोगिता में कुल 15 हजार 567 खिलाडि़यों ने पंजीयन कराया,जिनमें से 2 हजार 270 से अधिक खिलाडि़यों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा,खेल कौशल एवं खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में ग्रामीण क्षेत्रों के महिला एवं पुरुष खिलाडि़यों के साथ जूनियर एवं सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि व्यक्ति में अनुशासन,आत्मविश्वास, धैर्य एवं संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि सच्चा खिलाड़ी कभी हार नहीं मानता,बल्कि असफलताओं से सीख लेकर नए उत्साह एवं दृढ़ संकल्प के साथ सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करता है। मंत्री अग्रवाल ने लखनपुर विकासखंड के खिलाडि़यों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है उन्हें उचित अवसर एवं प्रोत्साहन प्रदान करने की। सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजन ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाडि़यों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सरगुजा के खिलाडि़यों में प्रतिभा की अपार संभावनाएं : विशिष्ट अतिथि लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में भागीदारी से युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने दौड़,लंबी कूद सहित विभिन्न खेल विधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरगुजा संभाग के खिलाडि़यों में प्रतिभा एवं क्षमता की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने महिला एवं पुरुष खिलाडि़यों को खेल प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। विधायक मिंज ने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में टीम भावना,नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन का विकास होता है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाडि़यों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाडि़यों ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन : तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हितेश कुमार ने प्रथम, सचिन कुमार ने द्वितीय एवं कृष्णकांत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार 200 मीटर दौड़ में अंकुर कुशवाहा प्रथम, अमन राजवाड़े द्वितीय एवं मनीष कुमार तृतीय स्थान पर रहे। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में सतीश सिंह ने प्रथम, साहिल राजवाड़े ने द्वितीय तथा दिव्यांश सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में बिंदु सिंह प्रथम,अंजली राजवाड़े द्वितीय एवं साधना तृतीय स्थान पर रहीं।
महिला सीनियर वर्ग की रस्साकशी प्रतियोगिता में पांडी की टीम ने प्रथम तथा शिरकोनगा की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त रिले दौड़ सहित अन्य खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता एवं उपविजेता खिलाडि़यों को भी अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया। विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलंपिक प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री के नेतृत्व में किया गया था। शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं मंत्री प्रतिनिधि विजय अग्रवाल तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह ने खिलाडि़यों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की थी। प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर,200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़,लंबी कूद,ऊंची कूद,गोला फेंक,भाला फेंक,चक्का फेंक,4म100 मीटर रिले दौड़ एवं वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इनमें महिला एवं पुरुष तथा जूनियर एवं सीनियर वर्ग के खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur