Breaking News

अम्बिकापुर@परेड में अनुशासन और टर्नआउट की जांच…183 पुलिसकर्मी हुए शामिल

Share


डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने ली जनरल परेड की सलामी, बेहतर वर्दी और प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को किया पुरस्कृत

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। पुलिस की वर्दी,अनुशासन और कार्यशैली ही जनता के बीच उसकी छवि तय करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में जनरल परेड का आयोजन किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने परेड की सलामी लेने के बाद अधिकारी-कर्मचारियों के टर्नआउट,अनुशासन और परेड प्रदर्शन का निरीक्षण किया। बेहतर टर्नआउट और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। परेड में जिले के कुल 183 अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। 9 अक्टूबर को आयोजित परेड के दौरान पुलिसकर्मियों को टोलीवार परेड कराई गई। अधिकारियों ने वर्दी और टर्नआउट का निरीक्षण कर पुलिस बल में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नियमित परेड का उद्देश्य जवानों की शारीरिक फिटनेस,स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अनुशासन को मजबूत करना है।
फरियादियों से शालीन व्यवहार रखने के निर्देश : डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के बीच बेहतर छवि बनाए रखने के लिए अनुशासन का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा थाने पहुंचने वाले फरियादियों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार रखने की हिदायत दी। पुलिस की कार्यप्रणाली में व्यवहार और जवाबदेही को महत्वपूर्ण बताते हुए आम लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीर रहने पर जोर दिया गया।
पुलिस यूनिट बैंक के कामकाज पर भी दिए निर्देश : रक्षित केंद्र में जवानों के कल्याण के लिए संचालित पुलिस यूनिट बैंक के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों-कर्मचारियों को जरूरत के समय बैंक के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं और लाभों का समय पर उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी,नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल,उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर,अजाक डीएसपी सुरेश भगत,डीएसपी जेपी भारतेन्दु रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत,कोतवाली थाना प्रभारी सहित प्रशिक्षु सूबेदार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न थाना-चौकियों और कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


Share

Check Also

रायपुर@साइबर अपराधों से सुरक्षा के लिए जनभागीदारी जरूरी,साइबर जागरूकता को जनआंदोलन बनाना होगा : सीएम साय

Share मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साइबर जागृति अभियान एवं ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के अभिनंदन समारोह में हुए …

Leave a Reply