-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। जिले के बतौली क्षेत्र में स्वयं सहायता समूहों के नाम पर कथित ऋण फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पोक्सरी की करीब 40 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं और जनदर्शन में कलेक्टर अजीत वसंत को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना फर्जी हस्ताक्षर कर ऋण निकाला गया। इतना ही नहीं,महतारी वंदन योजना की राशि सहित अन्य रकम भी उनके बैंक खातों से काट ली गई। महिलाओं ने ग्रामीण बैंक के तत्कालीन प्रबंधक और भुवनेश्वरी सिदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्हें ऋण लेने की जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में बैंक खातों से राशि कटने का पता चला। महिलाओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है। मामले में जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) सुभाष मिश्रा ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत मिली थी। जांच के बाद संबंधित महिला को निलंबित किया गया था। उन्होंने बताया कि करीब 20 लाख रुपए की रिकवरी राशि सामने आई है। इसमें लगभग 10 लाख रुपए की वसूली के लिए कार्रवाई जारी है। शेष राशि की वसूली भी जल्द किए जाने की बात कही गई है। राजनीतिक या प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता के सवाल पर डीपीएम ने कहा कि इस संबंध में कोई स्पष्ट शिकायत या ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur