Breaking News

अम्बिकापुर@किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने सौंपा ज्ञापन

Share

धान का समर्थन मूल्य 3358 रुपए करने,रुकी 1700 करोड़ की राशि जारी करने सहित 9 मांगें उठाईं


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। किसानों की विभिन्न समस्याओं और कृषि क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय किसान संघ ने प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत जिला मुख्यालय में ज्ञापन सौंपा। संघ ने किसानों के हित में कृषि नीति में बदलाव, धान खरीदी व्यवस्था में सुधार और खेती की बढ़ती लागत के अनुरूप किसानों को उचित मूल्य दिलाने की मांग की। संघ ने मांग की कि प्रदेश में गौ वंदन योजना को लागू किया जाए और जी-राम-जी योजना को गौ संरक्षण एवं गांव संवर्धन से जोड़ा जाए। इसके साथ ही वर्ष 2022-23 की धान खरीदी से संबंधित किसानों की लंबित करीब 1700 करोड़ रुपए की राशि तत्काल जारी करने की मांग की गई। भारतीय किसान संघ ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। केंद्र सरकार ने इसी आधार पर समर्थन मूल्य में पिछले तीन वर्षों में वृद्धि की है, लेकिन राज्य में किसानों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल रहा है। संघ के अनुसार केंद्र द्वारा पिछले तीन वर्षों में समर्थन मूल्य में की गई कुल 258 रुपए की वृद्धि का लाभ किसानों को दिया जाना चाहिए। इसके आधार पर धान की खरीदी 3358 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग की गई। साथ ही सब्जी और फल उत्पादक किसानों को भी कृषक उन्नति योजना में शामिल करने की मांग रखी गई। धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने तथा प्रत्येक तौल में अधिकतम 40 किलो 700 ग्राम धान लेने के संबंध में शासन स्तर से स्पष्ट आदेश जारी करने की मांग की गई। टोकन व्यवस्था में सुधार करते हुए बड़े किसानों को पांच और छोटे किसानों को तीन टोकन देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। किसान संघ ने गन्ने के मूल्य में 150 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि, विद्युत विभाग के निजीकरण पर रोक तथा बाजार में निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा रबी सीजन में जल संरक्षण को ध्यान में रखते हुए धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने की मांग की गई। संघ ने कहा कि किसानों को मक्का और गेहूं जैसी फसलों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए इनकी भी समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जानी चाहिए।


Share

Check Also

लखनपुर@ बैग में 5.680 किलो गांजा लेकर बाइक से पहुंचा युवक,लखनपुर पुलिस ने पकड़ा68 हजार का गांजा और बाइक समेत 1.65 लाख रुपए का मशरूका जब्त

Share -संवाददाता-लखनपुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। ग्राम गोरता-गणेशपुर क्षेत्र में अवैध गांजा लेकर बाइक से पहुंचा …

Leave a Reply