Breaking News

अम्बिकापुर@वोट बचाओ-देश बचाओ : सरगुजा में कांग्रेस,सीपीएम और सीपीआई की संयुक्त रैली

Share


विवेकानंद चौक पर सभा में चुनाव आयोग पर निशाना,ज्ञानेश कुमार को हटाने और गिरफ्तार करने की मांग,गांधी चौक पर अनुच्छेद 326 का पाठ


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों के बीच इंडिया गठबंधन के‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के प्रथम चरण का समापन बुधवार को सरगुजा में संयुक्त रैली के साथ हुआ। कांग्रेस,सीपीएम और सीपीआई के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन से रैली निकाली। रैली विवेकानंद चौक पहुंची,जहां यह आमसभा में बदल गई। इसके बाद गांधी प्रतिमा तक रैली निकाली गई,जहां राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। विवेकानंद चौक पर सभा को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ जैसे मामलों से देश की संवैधानिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। भगत ने ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों के बचाव में भाजपा का सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर भी कथित वोट चोरी को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
‘निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था खत्म की जा रही : सीपीएम नेता कामरेड चंद्र प्रकाश शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में देश की निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के जरिए जनादेश को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। सीपीआई प्रतिनिधि कामरेड अनिल द्विवेदी ने मौजूदा चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे ‘इलेक्टोरल ऑटोक्रेसी’ की ओर ले जाने वाला तंत्र बताया। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है।
गांधी चौक पर अनुच्छेद 326 का पाठ : विवेकानंद चौक की सभा के बाद रैली गांधी प्रतिमा तक पहुंची। यहां कांग्रेस और गठबंधन के नेताओं ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326, जो वयस्क मताधिकार के आधार पर निर्वाचन से संबंधित है, का सार्वजनिक वाचन किया। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई। इस दौरान कांग्रेस, सीपीएम और सीपीआई के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सांसदों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने मनाया काला दिवस : इसी कार्यक्रम के तहत कांग्रेस ने 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के सांसदों के चुनाव आयोग तक मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में ‘काला दिवस’ भी मनाया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर और काला दिवस लिखे पोस्टर-बैनर लेकर रैली में शामिल हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों और संविधान की रक्षा की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। गौरतलब है कि कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को देशव्यापी आंदोलन का रूप दिया है। पार्टी ने अक्टूबर-नवंबर में चरणबद्ध तरीके से रैलियों,चौपालों और अन्य कार्यक्रमों की घोषणा की है।


Share

Check Also

लखनपुर@ बैग में 5.680 किलो गांजा लेकर बाइक से पहुंचा युवक,लखनपुर पुलिस ने पकड़ा68 हजार का गांजा और बाइक समेत 1.65 लाख रुपए का मशरूका जब्त

Share -संवाददाता-लखनपुर,08 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। ग्राम गोरता-गणेशपुर क्षेत्र में अवैध गांजा लेकर बाइक से पहुंचा …

Leave a Reply