वॉलीबॉल चैंपियंस लीग सीजन-1 में रेफरी की भूमिका निभाएंगे सरगुजा के अंतर्राष्ट्रीय रेफरी,प्रदेश के एकमात्र एक्टिव अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी के रूप में मिली जिम्मेदारी
-संवाददाता-
सूरजपुर,07 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है कि सरगुजा संभाग के अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी मोहम्मद गौस बेग को भारत की नई वॉलीबॉल चैंपियंस लीग सीजन-1,2026 में रेफरी के रूप में आमंत्रित किया गया है, प्रतियोगिता का आयोजन 6 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक नोएडा इंडोर स्टेडियम,उत्तर प्रदेश में किया जा रहा है। मोहम्मद गौस बेग को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए आमंत्रण मिलने से सूरजपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के खेल जगत में उत्साह है।
उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार वे छत्तीसगढ़ राज्य के एकमात्र एक्टिव अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल रेफरी हैं और सरगुजा संभाग से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले एकमात्र वॉलीबॉल रेफरी हैं।
देशभर के चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय रेफरियों में छत्तीसगढ़ से एक नाम– वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के पहले सीजन के मुकाबलों के सफल संचालन के लिए देशभर से चुनिंदा अंतर्राष्ट्रीय स्तर के रेफरियों को जिम्मेदारी दी गई है, इसमें छत्तीसगढ़ से मोहम्मद गौस बेग का चयन हुआ है,यह जिम्मेदारी उनके लंबे रेफरिंग अनुभव को भी रेखांकित करती है, वे इससे पहले देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित अनेक प्रतिष्ठित वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं, मोहम्मद गौस बेग को छत्तीसगढ़ शासन के सर्वोच्च खेल सम्मान ‘वीर हनुमान सिंह पुरस्कार’ से भी सम्मानित किया जा चुका है,खेल के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों ने सूरजपुर जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में योगदान दिया है।
बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं में कर चुके हैं रेफरिंग-मोहम्मद गौस बेग द्वारा सीनियर नेशनल चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स,फेडरेशन कप,यूथ चैंपियनशिप,जूनियर चैंपियनशिप, सब-जूनियर चैंपियनशिप,मिनी चैंपियनशिप, ऑल इंडिया पुलिस गेम्स और इंटर सर्विसेज चैंपियनशिप सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं में रेफरी की जिम्मेदारी निभाई जा चुकी है, इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित ऑल इंडिया स्तर की वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने सैकड़ों मुकाबलों में रेफरी की भूमिका का निर्वहन किया है,यही लंबा अनुभव अब उन्हें वॉलीबॉल चैंपियंस लीग जैसे बड़े मंच तक लेकर पहुंचा है।
10 फ्रेंचाइजी टीमें लेंगी हिस्सा- वॉलीबॉल चैंपियंस लीग सीजन-1 में देश की 10 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं, इनमें राजस्थान स्पाइकर्स, गरवी गुज्जुस,अयोध्या गर्जन,एम्पेरिया मराठास, पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स,हुगली हिटर्स, तमिल टाइटंस,नम्मा बेंगलुरु स्मैशर्स, हरियाणा हरिकेंस और दिल्ली डायनामाइट्स शामिल हैं,प्रतियोगिता में देश के प्रमुख वॉलीबॉल खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे,ऐसे में मुकाबलों के संचालन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के रेफरियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी।
सूरजपुर के खेल जगत में खुशी-मोहम्मद गौस बेग को वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में आमंत्रण मिलने से सूरजपुर जिले के खेलप्रेमियों और वॉलीबॉल से जुड़े खिलाडि़यों में खुशी है,स्थानीय खेल जगत के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि एक छोटे शहर और संभाग से निकलकर उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रेफरिंग के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है, उनकी यह उपलब्धि उन खिलाडि़यों और युवाओं के लिए भी प्रेरणा का विषय है, जो खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, रेफरी के रूप में लंबे समय तक लगातार राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय रहना अपने आप में कठिन जिम्मेदारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur