-संवाददाता-
लुण्ड्रा,07 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। थाना लुण्ड्रा क्षेत्र में दर्ज पॉक्सो के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के करीब एक घंटे के भीतर विधि से संघर्षरत बालक समेत चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार पीडि़ता की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 231/26 के तहत बीएनएस की धारा 137(2)(1), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया था। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीडि़ता का कथन दर्ज किया। इसके बाद मामले में शामिल संदिग्धों की जानकारी जुटाकर उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ सुनील कुमार नागेश (19), मंगल राम (24) और शैलेन्द्र लकड़ा (29), सभी निवासी ग्राम अगासी, थाना लुण्ड्रा, को पकड़ा। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक चारों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी और मोटरसाइकिल जब्त कर ली। पुलिस के मुताबिक जांच में अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने पर विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जबकि तीनों बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur