ईएनटी और सर्जरी विभाग की टीम ने किया सफल ऑपरेशन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। पानी पीते समय नकली दांत निकलकर महिला के गले में चला गया। दांत आहार नली और श्वांस नली के बीच फंस गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। परिजन महिला को तत्काल अस्पताल के आपातकालीन विभाग लेकर पहुंचे। प्रारंभिक एक्स-रे में दांत का स्पष्ट पता नहीं चल सका। इसके बाद ईएनटी और सर्जरी विभाग की टीम ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब पांच घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद दांत निकालकर महिला की जान बचाई गई। जानकारी के अनुसार अंबिकापुर निवासी 50 वर्षीय रंजना ने ऊपर के चार दांत नकली लगवा रखे थे। 4 अक्टूबर की सुबह वह पानी पी रही थीं, तभी अचानक नकली दांत निकल गया और पानी के साथ निगल लिया। इसके बाद दांत श्वांस नली और आहार नली के क्षेत्र में फंस गया। महिला को परेशानी होने पर परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। आपातकालीन विभाग में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक्स-रे कराया, लेकिन इसमें दांत की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। मामला गंभीर होने के कारण ईएनटी एवं सर्जरी विभाग के चिकित्सकों को बुलाया गया। दोनों विभागों की टीम ने तत्काल ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। करीब पांच घंटे तक चली प्रक्रिया के दौरान दांत को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सर्जरी में डॉ. अनुपम मिंज, डॉ. मनोज भारती,डॉ. उषा,डॉ. महिमा,डॉ. अनामिका,डॉ. संदीप, डॉ. प्रेरणा,डॉ. प्रतीक्षा और डॉ. वासुदेव की टीम शामिल रही। चिकित्सकों की तत्परता से महिला की जान बचाई जा सकी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur