
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। दिल्ली जाने के लिए सरगुजा के यात्रियों को अब सप्ताह में एक दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अंबिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के बीच चलने वाली एक्सप्रेस अब सप्ताह में दो दिन चलेगी। मंगलवार को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से इस अतिरिक्त फेरे की शुरुआत हुई। सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन के रवाना होते समय स्टेशन पर यात्रियों और जनप्रतिनिधियों में खासा उत्साह नजर आया। अब ट्रेन नंबर 22407 अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस मंगलवार और गुरुवार को अंबिकापुर से सुबह 7.30 बजे रवाना होगी। वापसी में 22408 हजरत निजामुद्दीन-अंबिकापुर एक्सप्रेस रविवार और मंगलवार को रात 11 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी। यानी दिल्ली के लिए सरगुजा को सप्ताह में एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा मिल गई है। रेलवे के अनुसार ट्रेन के मार्ग, ठहराव और समय-सारणी में अन्य कोई बदलाव नहीं किया गया है।
सांसद ने यात्रियों से की मुलाकात : ट्रेन को रवाना करने के बाद सांसद चिंतामणि महाराज ने यात्रियों से मुलाकात की और उन्हें पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन का फेरा बढ़ाना क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उन्होंने कहा कि सप्ताह में दो दिन सीधी रेल सेवा शुरू होने से पूरे सरगुजा संभाग के लोगों को दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति क्षेत्रवासियों की ओर से आभार जताया।
लंबे इंतजार के बाद बढ़ा एक फेरा
अंबिकापुर से दिल्ली की सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से सरगुजा क्षेत्र के यात्रियों द्वारा की जा रही थी। सप्ताह में केवल एक दिन ट्रेन चलने के कारण यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में परेशानी होती थी। कई बार टिकट उपलब्ध नहीं होने या यात्रा की तारीख अनुकूल नहीं होने पर यात्रियों को दूसरे विकल्प तलाशने पड़ते थे। दूसरा फेरा शुरू होने से अब विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरी और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दिल्ली जाने वालों के साथ व्यापारियों और अन्य यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर सरगुजा के अलावा जशपुर, रायगढ़ और रेल मार्ग से जुड़े अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
रेलवे स्टेशन का भी बदल रहा स्वरूप
अंबिकापुर स्टेशन पर ट्रेन के फेरे बढ़ाने के साथ ही यात्री सुविधाओं के विस्तार का काम भी जारी है। मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन ने बताया कि स्टेशन पर नए प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जा रहा है। रेलवे लाइनों का विस्तार, बड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण और कोचिंग सुविधाओं में सुधार के कार्य भी किए जा रहे हैं। रेलवे की योजना भविष्य में अंबिकापुर से और ट्रेनों के संचालन की संभावनाओं को ध्यान में रखकर स्टेशन की अधोसंरचना विकसित करने की है। ऐसे में अतिरिक्त प्लेटफॉर्म और लाइन विस्तार को आने वाले समय में नई ट्रेनों के संचालन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
यात्रियों की मांग पर बढ़ी आवृत्ति
डीआरएम राकेश रंजन ने बताया कि अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन को सप्ताह में दो दिन चलाने की मांग क्षेत्र के लोगों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार की जा रही थी। इसी मांग के आधार पर रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अतिरिक्त सेवा का क्षेत्र के यात्री अधिक से अधिक लाभ उठाएंगे। महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन सीधी ट्रेन मिलने से विद्यार्थियों,मरीजों,व्यापारियों और अन्य यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। यह सुविधा केवल अंबिकापुर ही नहीं,बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लिए उपयोगी साबित होगी। इस अवसर पर डीसीएम एस. भारतीयन,एसआर डीआरएम अहूजा,पार्षद आलोक दुबे,पार्षद रविकांत उरांव,भारत सिंह सिसोदिया,अरुणा सिंह,विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि,रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur