चेहरा-आंख झुलसे,कोचिंग में साथ पढ़ते थे,भीड़ ने आरोपियों को पीटा,फांसी की मांग
बालोद,06 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद में युवक ने हेड कॉन्स्टेबल की बेटी पर दोस्त से एसिड अटैक करवाया। 22 साल की छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़कर घर लौट रही थी, तभी आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में उस पर एसिड फेंका गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी बालोद का रहने वाला है और छात्रा के साथ कोचिंग में पढ़ चुका है। पिछले एक-डेढ़ साल से दोनों के बीच अफेयर था। युवक छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे शक था कि छात्रा दूसरे लड़कों से भी बात करने लगी है।
इससे नाराज होकर उसने अपने बचपन के दोस्त से हमला करवाने की साजिश रची। हमले में छात्रा के शरीर का दाहिना हिस्सा, चेहरा और आंख के आसपास का हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। मंगलवार शाम करीब 5 बजे दोनों आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। पटेल मैदान के सामने भीड़ ने पुलिस वाहन रोककर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो स्थिति बिगड़ गई। उग्र भीड़ ने आरोपियों पर काला-नीला रंग फेंका और उन्हें जूते की माला पहनाने की कोशिश की। इस दौरान कई छात्राओं ने आरोपियों को पीटने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच हाथापाई भी हुई। घटना में कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई। छात्र-छात्राओं ने करीब डेढ़ घंटे तक बालोद न्यायालय को चारों ओर से घेरकर आरोपियों को फांसी देने की मांग को लेकर नारेबाजी की। कोर्ट परिसर के अंदर भी गहमागहमी का माहौल रहा। पुलिस ने सुरक्षा के चलते किसी भी व्यक्ति को आरोपियों के पास जाने नहीं दिया। शाम को आरोपियों को जेल ले जाने के दौरान भी पुलिस को रास्ता बदलना पड़ा। कोर्ट के पीछे के रास्ते से दूसरे वाहन में दोनों आरोपियों को बाहर निकाला गया। वहीं अधिवक्ताओं ने भी आरोपियों का केस नहीं लड़ने की बात कही। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने लैब में उपयोग होने वाला 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड 26 सितंबर को दुर्ग से खरीदा था। 27 सितंबर को गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान छात्रा पर एसिड अटैक करने की योजना थी, लेकिन उस दौरान आरोपी खुद झुलस गया। इसके बाद 5 अक्टूबर को उसने छात्रा पर हमला किया।
आरोपी भी पुलिसकर्मी का बेटा,अटैक से पहले शादी
मुख्य आरोपी बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम नेवारीखुर्द का रहने वाला है और बालोद शहर के आमापारा में किराए के मकान में रहता था। उसके पिता मानपुर-मोहला जिले में पदस्थ पुलिसकर्मी हैं। मुख्य आरोपी ने करीब एक सप्ताह पहले भैरमगढ़ (बीजापुर) से अपने बचपन के दोस्त को बालोद बुलाया था। दोस्त अपनी महिला मित्र को भी साथ लेकर आया था। पुलिस के अनुसार,सोमवार को एसिड अटैक से पहले आरोपी ने कमरौद में महिला मित्र की मांग भरकर उससे कथित रूप से शादी की थी। इसके बाद लाइब्रेरी से लौट रही छात्रा पर एसिड अटैक किया गया। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को लगा था कि बाहर से बुलाया गया युवक वारदात के बाद आसानी से निकल जाएगा और पकड़ा नहीं जाएगा। हालांकि,पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे कोंडागांव से गिरफ्तार कर लिया।
बोला- उसे अपनी सुंदरता पर गुमान है, चेहरा जला देना
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त के साथ छात्रा पर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। दोस्त के वारदात के लिए निकलने से पहले मुख्य आरोपी ने उसे एसिड की बोतल दी और छात्रा के बारे में कहा कि उसे अपनी सुंदरता पर गुमान है, उसका चेहरा इस तरह जला देना कि वह देखने लायक न बचे। इसके बाद युवक को छात्रा की रेकी करने भेजा गया। सोमवार दोपहर 12ः30 वह छात्रा लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी पीछे से आया और उसके चेहरे पर एसिड फेंककर फरार हो गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur