- चित्रकला,रंगोली,विज्ञान मॉडल,भाषण व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
- ड्रॉपआउट बच्चों की हुई स्कूल वापसी,उल्लास स्वयंसेवकों का हुआ सम्मान

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को अंबिकापुर के पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों के भारत की कल्पना को कला, लेखन और भाषण के माध्यम से अभिव्यक्त करने का अवसर मिला।सेवा और समर्पण के 25 वर्ष-जन सेवा से देश सेवा’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विकास खंडों से छात्र-छात्राएं, शिक्षक एवं नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री चिंतामणि महाराज ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत संस्कृत विभाग के द्वारा आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में देश के विकास और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जीवन यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। मंचन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री मोदी के जीवन संघर्ष, उनके प्रधानमंत्री बनने के सफर और देश के विकास में उनके योगदान को भावपूर्ण एवं सुंदर तरीके से दर्शाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को विकसित करते हुए धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के इस संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। विशेष रूप से प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) जैसी योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के माध्यम से भी जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला भारत शिक्षित, समृद्ध और सशक्त भारत होगा तथा विश्व में एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज ने कहा कि कार्यक्रम में प्रभावशाली मंचन के माध्यम से यह दिखाया गया कि आने वाला नया भारत कैसा होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के देश के विकास को लेकर विजन, उनके जीवन संघर्ष और प्रधानमंत्री बनने की यात्रा के साथ-साथ देश के विकास के लिए किए गए विभिन्न कार्यों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गांवों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति मिली है। श्री मिंज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास,आधुनिकता और तकनीकी प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आधुनिक तकनीकों को प्रोत्साहन मिलने से भारत ने अंतरिक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमताओं को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में सरकार के प्रयासों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur