शावक की मौत के बाद महेशपुर,फूनगी व रामनगर का दौरा…जमीन पर बैठकर ग्रामीणों की सुनी समस्याएं

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। हाथियों के लगातार विचरण और फसलों को हो रहे नुकसान के बीच सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज शनिवार को उदयपुर के हाथी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। उन्होंने महेशपुर, फूनगी और रामनगर पहुंचकर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और खेतों में जाकर हाथियों से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। क्षेत्र में हाथी के शावक की मौत के बाद सांसद के दौरे को ग्रामीणों की समस्याएं जानने और मौके की स्थिति समझने से जोडकर देखा जा रहा है। सांसद ने किसानों से चर्चा कर हाथियों से फसल बचाने के उपाय,फसल नुकसान के मुआवजे और वन विभाग से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के लगातार विचरण से फसल को नुकसान पहुंच रहा है और उन्हें रात में खेतों की निगरानी करनी पड़ रही है। रामनगर के पंडो पारा में सांसद ने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर चौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली। ग्रामीणों की मांग पर आंगनबाड़ी भवन,पुलिया,हाईमास्ट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई। सांसद ने समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सायर केदमा से लेकर मानपुर, उपकापारा, मोहनपुर, जजगी, रामनगर,फूनगी,लक्ष्मणगढ़,जगन्नाथपुर, सुखरीभंडार और सतीमुड़ा सहित अन्य क्षेत्रों का भी जायजा लिया जाना है। मंडल उपाध्यक्ष दलेश्वर यादव ने बताया कि सांसद दिनभर प्रभावित इलाकों में रहकर ग्रामीणों से चर्चा करेंगे।
फेंसिंग तार हटाने के निर्देश
दौरे के दौरान हाथियों के विचरण वाले जंगल क्षेत्रों में लगाए गए फेंसिंग तारों को हटाने के निर्देश दिए जाने की बात कही गई। वहीं किसानों की फसलों को हाथियों से हुए नुकसान के मुआवजा प्रकरण तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सांसद ने प्रभावित किसानों की स्थिति की जानकारी लेते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सांसद के साथ प्रशासन और वन विभाग की टीम भी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंची। इस दौरान एसडीएम, तहसीलदार तारा सिदार, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, रामनगर सरपंच प्रदीप मरकाम सहित वन विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur