पैदल घूम रहे लोगों के बेहद करीब से गुजरी कार,शिकायतकर्ता ने वाहन नंबर पुलिस को सौंपा;नशे में वाहन चलाने की आशंका की जांच की मांग
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। शहर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में रात के समय तेज गति और कथित लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने का मामला सामने आया है। मैदान में पैदल भ्रमण कर रहे लोगों ने आरोप लगाया है कि एक कार चालक तेज रफ्तार में वाहन को इधर-उधर चलाते हुए स्टंट जैसा संचालन कर रहा था। इसी दौरान कार पैदल चल रहे लोगों के बेहद करीब से गुजरी,जिससे किसी गंभीर हादसे की आशंका पैदा हो गई। मामले में यातायात पुलिस से वाहन की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 10ः10 बजे की बताई गई है। शिकायतकर्ता डॉ. दीपक नीलकंठ के अनुसार, वे अपने एक-दो साथियों के साथ रात करीब 8ः30 से 10ः30 बजे तक पीजी कॉलेज ग्राउंड में पैदल भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मैदान के भीतर एक कार को तेज गति से चलाते हुए देखा गया। शिकायत के मुताबिक कार को कई बार लगभग 360 डिग्री घुमाते हुए तथा तेज गति से अलग-अलग दिशाओं में चलाया जा रहा था। शिकायतकर्ता का कहना है कि कुछ देर बाद वही कार उनके सामने से तेज रफ्तार में बाएं-दाएं दिशा में आती हुई बेहद करीब से निकली। उनके अनुसार कार लगभग एक फीट की दूरी से गुजरी। उनका कहना है कि थोड़ी सी भी चूक होने पर पैदल चल रहे किसी व्यक्ति को गंभीर चोट लग सकती थी।
नंबर प्लेट देखकर पुलिस को दी जानकारी : शिकायत के अनुसार मैदान में पर्याप्त रोशनी होने के कारण कार की पीछे की नंबर प्लेट दिखाई दी और वाहन क्रमांक ष्टत्र-29-6173 नोट किया गया। शिकायतकर्ता ने वाहन क्रमांक की जानकारी यातायात पुलिस के डीएसपी के मोबाइल नंबर पर साझा किए जाने की बात भी कही है। शिकायत में चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि शिकायतकर्ता ने स्वयं स्पष्ट किया है कि चालक द्वारा शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया गया था या नहीं,इसकी पुष्टि केवल पुलिस जांच और आवश्यक परीक्षण के बाद ही हो सकती है।
मैदान में रोज आते हैं लोग,सुरक्षा पर सवाल : पीजी कॉलेज ग्राउंड में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पैदल भ्रमण, व्यायाम और अन्य गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मैदान के भीतर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्ण संचालन को लेकर सुरक्षा का सवाल उठना स्वाभाविक है। यदि समय रहते ऐसे मामलों पर निगरानी नहीं रखी गई तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। शिकायतकर्ता ने यातायात पुलिस से वाहन क्रमांक ष्टत्र-29-6173 की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पीजी कॉलेज ग्राउंड में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। जनहित का सवाल यह है कि क्या पीजी कॉलेज ग्राउंड जैसे सार्वजनिक स्थल पर पैदल घूमने वाले नागरिकों की सुरक्षा के लिए वाहनों की आवाजाही और गति को नियंत्रित करने की कोई प्रभावी व्यवस्था है? पुलिस की जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में वाहन चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था या नहीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur