Breaking News

अम्बिकापुर@खुले मंच पर होगा संभाग स्तरीय मानस गायन,महिला मंडलियों की अलग प्रतियोगिता

Share


विजयादशमी महोत्सव में शैला और सुगा लोकनृत्य की भी अलग-अलग स्पर्धा,दोनों विधाओं में प्रथम,द्वितीय और तृतीय पुरस्कार


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। विजयादशमी महोत्सव 2026 को इस बार और व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। सरगुजा सेवा समिति एवं नागरिक समिति की संयुक्त बैठक में आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सबसे बड़ा बदलाव संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता के आयोजन स्थल को लेकर किया गया है। अब यह प्रतियोगिता सरस्वती शिशु मंदिर सभागार के बजाय कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर होगी। इसके साथ ही पहली बार महिला मानस मंडलियों के लिए पृथक संभाग स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। बैठक सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी एवं नागरिक समिति अध्यक्ष अजय अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। इसमें आयोजन की अब तक की तैयारियों की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर चर्चा की गई। आयोजकों के अनुसार, पिछले वर्षों में सभागार की सीमित क्षमता को देखते हुए मानस गायन प्रतियोगिता को खुले मैदान में कराने का निर्णय लिया गया है। इससे संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली मानस मंडलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हो सकेंगे।
महिला मानस मंडलियों को पहली बार अलग मंच : इस बार महिला मानस मंडलियों की स्वतंत्र संभाग स्तरीय प्रतियोगिता भी होगी। पुरुष और महिला वर्ग में अलग-अलग श्रेष्ठ मंडलियों का चयन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। महिला मंडली के प्रथम पुरस्कार के लिए 11 हजार रुपए की राशि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत की ओर से तथा पुरुष मंडली के प्रथम पुरस्कार की राशि नरेंद्र सिंह टुटेजा के सौजन्य से दिए जाने की जानकारी बैठक में दी गई।
शैला और सुगा नृत्य की अलग-अलग प्रतियोगिता : सरगुजा की लोक संस्कृति को मंच देने के उद्देश्य से लोक नृत्य प्रतियोगिता में भी बदलाव किया गया है। अब शैला (सैलानी) और सुगा लोकनृत्य की अलग-अलग संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। दोनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को अलग-अलग पुरस्कृत किया जाएगा। सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी महोत्सव सरगुजा की सांस्कृतिक पहचान और जनआस्था से जुड़ा आयोजन है। इस बार लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों और संभाग के लोगों को आयोजन से जोड़ना है। नागरिक समिति अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि दोनों समितियों के बीच समन्वय और आपसी तालमेल के आधार पर तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सरगुजा सेवा समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि खुले मंच पर मानस गायन और पारंपरिक लोकनृत्य प्रतियोगिताओं से संभाग के कलाकारों और मंडलियों को व्यापक मंच मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आयोजन की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने की बात कही। बैठक में भारत सिंह सिसोदिया एवं नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं संचालन को लेकर सुझाव दिए। समिति के महासचिव मधुसूदन शुक्ला ने 13 से 20 अक्टूबर तक प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा, संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं,प्रशासनिक अनुमति, पीजी कॉलेज एवं कलाकेंद्र मैदान की व्यवस्थाओं, पुतला निर्माण और जनसहयोग से जुटाई जा रही राशि सहित तैयारियों की जानकारी दी। बैठक का संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा ने किया, जबकि आभार राजकुमार बंसल ने व्यक्त किया।
बैठक में सत्येंद्र तिवारी, दीपक सोनी, राजेश कश्यप,पापिन्दर सिंह, पीयूष त्रिपाठी, दुर्गेश गुप्ता,अरुणा सिंह,अरविंद सिंघानिया, शकुंतला पाण्डेय,अभिषेक शर्मा,आकाश गुप्ता,प्रयागराज साहू,नीलू कश्यप,जितेंद्र सोनी,महेंद्र अग्रवाल,राहुल त्रिपाठी, मनोज सोनी,निशांत पाण्डेय,संजीव वर्मा,अनामिका पैकरा,अरविन्द कन्नौजिया सहित दोनों समितियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जानकारी सरगुजा सेवा समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने दी।


Share

Check Also

कांकेर@नदी में बहे दो मासूमों का शव बरामद,इलाके में पसरा मातम

Share कांकेर,02 अक्टूबर 2026। पखांजूर के इरपानर से पिकनिक मनाने गए 9 बच्चों में से …

Leave a Reply