गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन,सेवादल ने निकाली प्रभातफेरी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शुक्रवार को राजीव भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। इसके बाद आयोजित विचारगोष्ठी में गांधीजी के सत्य-अहिंसा के विचारों तथा शास्त्रीजी के सादगी, त्याग और राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर चर्चा हुई।
विचारगोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि जिस दौर में ताकतवर अंग्रेजी हुकूमत के सामने अपनी आवाज उठाने से लोग और विचारधाराएं डरती थीं,उस समय महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को आंदोलन की ताकत बनाया। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी अलग-अलग विचारधाराओं और वर्गों को एक सूत्र में पिरोकर देश की आजादी की लड़ाई को व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध के बाद शास्त्रीजी ने देश को खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। ‘जय जवान, जय किसान’ का उनका संदेश देश की सुरक्षा और कृषि व्यवस्था दोनों के महत्व को सामने लाता है। उन्होंने कहा कि शास्त्रीजी के प्रयासों ने देश को खाद्यान्न के मामले में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया तथा आभार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर पीसीसी महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा,संजय विश्वकर्मा,इरफान सिद्दीकी,अटल यादव,मधु दीक्षित,दुर्गेश गुप्ता,लक्ष्मी गुप्ता,डॉ. लालचंद यादव,जगन्नाथ कुशवाहा,जमील खान,आलोक सिंह,प्रमोद चौधरी,अविनाश कुमार,मालती सिंह,रजनीश सिंह,सोहन जायसवाल,नीतीश चौरसिया,अमित सिन्हा, आशीष जायसवाल,लखन मरावी,एपी सांडिल्य,अमित वर्मा,अंकित जायसवाल, केदार सिन्हा,चंचला सांडिल्य,शकीला सिद्दीकी सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सेवादल ने निकाली प्रभातफेरी, गांधी प्रतिमा स्थल की सफाई की : गांधी जयंती के अवसर पर कांग्रेस सेवादल के नेतृत्व में राजीव भवन से गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभातफेरी के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधीजी के विचारों और उनके सत्य-अहिंसा के संदेश को याद किया। गांधी चौक पहुंचने के बाद सेवादल कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा स्थल की सफाई की और इसके बाद महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल,सेवादल के संभागीय प्रभारी महासचिव विनीत विशाल जायसवाल, सेवादल जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार,महिला जिलाध्यक्ष प्रीति सिंह,विनोद एक्का,लूकस एक्का,विकास शर्मा,मुन्नवर अली,प्रणय बोस, नवनीत तिवारी,राजीव यादव,नितिन तिर्की, अनिमा प्रकाश,साधना जायसवाल,देविका सिंह, निशा सिन्हा,छन्नू राम राजवाड़े,जगत नारायण मानिकपुर, कान्हा सिन्हा, राजू गुप्ता, राहुल प्रताप टोप्पो,ऋषभ टोप्पो,अमित टोप्पो, सुजीत जॉन,मनोज ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur