Breaking News

अम्बिकापुर@सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Share


विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में निबंध, चित्रकला, रंगोली, भाषण और नुक्कड़ नाटक में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता; विजेता आज जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंबिकापुर का करेंगे प्रतिनिधित्व


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सेवा, संकल्प और विकसित भारत की भावना को विद्यार्थियों की रचनात्मकता से जोड़ते हुए चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय हिंदी विद्यालय गांधी नगर में विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। निबंध, चित्रकला, रंगोली, भाषण और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सामाजिक सरोकार, राष्ट्र निर्माण तथा विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत, दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अंबिकापुर के अध्यक्ष विक्रम सोनपाकर रहे, जबकि अध्यक्षता जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य विजय व्यापारी तथा नगर निगम अंबिकापुर के पार्षद रविकांत उरांव और विपिन पांडेय उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति के जरिए सेवा, सामाजिक जागरूकता, अंधविश्वास, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से सामने रखा। स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय केशवपुर के विद्यार्थियों ने ‘अंधविश्वास’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों ने सराहा।
विशिष्ट अतिथि विजय व्यापारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने का आह्वान किया।
अध्यक्षता कर रहे सतीश यादव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘2047 का भारत आपके सपनों का भारत है।’ उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों, विचारों और कल्पनाओं को अभिव्यक्त करने का अवसर मिल रहा है।
मुख्य अतिथि विक्रम सोनपाकर ने भारत की पिछले 25 वर्षों की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले 25 वर्षों में विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण के कार्यों में लगाने की अपील की।
इन विद्यार्थियों ने मारी बाजी
विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं में नुक्कड़ नाटक में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय केशवपुर के आर्यन एवं साथी प्रथम रहे। रंगोली में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर की श्रुति तिवारी, चित्रकला में सेजस केशवपुर के हिमांशु सोनी, भाषण में सेजस सोहगा के हर्ष राजवाड़े तथा निबंध में सेजस सोहगा की समीक्षा कुशवाहा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला दरिमा की खुशबू यादव ने भी अपनी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। विकासखंड स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी 3 अक्टूबर को पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम अंबिकापुर में होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीरज वर्मा एवं सतीश भाई पटेल ने किया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी ललित जाटवर ने स्वागत उद्बोधन दिया। सेजस गांधी नगर के प्राचार्य राजकुमार यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में निरंजन विश्वास, विश्वजीत पाठक, दिनेश शुक्ला, मेराज अंसारी, अरविंद सिंह, नरेश पांडेय, रामनाथ भगत, उमाकांत ठाकुर और नरेंद्र दिव्य सहित शिक्षकों एवं कर्मचारियों का सहयोग रहा। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


Share

Check Also

कांकेर@नदी में बहे दो मासूमों का शव बरामद,इलाके में पसरा मातम

Share कांकेर,02 अक्टूबर 2026। पखांजूर के इरपानर से पिकनिक मनाने गए 9 बच्चों में से …

Leave a Reply