- मीडिया आयोग से लेकर पत्रकार सुरक्षा कानून तक छह मांगें, राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
- गांधी जयंती पर पत्रकारों ने कहा…लोकतंत्र की आवाज सुरक्षित होगी, तभी मजबूत होगी लोकतांत्रिक व्यवस्था

रायपुर,02 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती पर जब देश महात्मा गांधी के सत्य और लोकतांत्रिक मूल्यों को याद कर रहा था, उसी दिन छत्तीसगढ़ के पत्रकारों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के सामने सवाल खड़े किए। स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन छत्तीसगढ़ ने इंडियन जर्नलिस्ट्स यूनियन (IJU) के आह्वान पर 2 अक्टूबर को ‘डिमांड डे’ मनाते हुए पत्रकारों की सुरक्षा, नौकरी की स्थिरता, वेतन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े छह मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
पत्रकारों ने लाल बहादुर शास्त्री और महात्मा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रपति के नाम दिए जाने वाले ज्ञापन का पाठ किया गया। इसके बाद पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल लोक भवन पहुंचा और राज्यपाल रमेन डेका को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि मीडिया का स्वरूप तेजी से बदल रहा है, लेकिन पत्रकारों की सुरक्षा, सेवा शर्तों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई सवाल अब भी बने हुए हैं। यूनियन ने केंद्र सरकार से इन मुद्दों पर ठोस पहल की मांग की।
छह मांगों में मीडिया आयोग से लेकर स्वास्थ्य बीमा तक…
यूनियन ने बदलते मीडिया परिदृश्य की व्यापक समीक्षा और नीतिगत सुझावों के लिए नए मीडिया आयोग के गठन की मांग की है। पत्रकारों और मीडिया कर्मियों की सुरक्षा के लिए विशेष केंद्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने तथा छत्तीसगढ़ के पत्रकार सुरक्षा कानून में आवश्यक संशोधन के लिए पत्रकारों की समिति गठित करने की मांग भी रखी गई है। इसके साथ ही कार्यरत पत्रकारों को नौकरी की सुरक्षा, निर्धारित कार्य घंटे, सेवा शर्तों और विवाद समाधान के लिए वैधानिक संरक्षण देने की मांग की गई है। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में कार्यरत पत्रकारों तथा गैर-पत्रकार कर्मचारियों के लिए नए वेतन बोर्ड के गठन का मुद्दा भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाया गया। पत्रकारों ने कोरोना काल से बंद रेल किराए और आरक्षण में पत्रकारों को मिलने वाली रियायत को वर्ष 2020 से पुन: बहाल करने की मांग की। वहीं केंद्रीय कर्मचारियों की तर्ज पर पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के लिए व्यापक स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की मांग भी रखी गई।
प्रदेश अध्यक्ष पीसी रथ ने कहा कि स्वतंत्र, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त प्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की मांगें किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता और मीडिया की कार्य परिस्थितियों से जुड़ी हैं। यूनियन ने केंद्र सरकार से लंबे समय से लंबित इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपील की। कार्यक्रम में IJU के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दिलीप साहू, CSWJU के महासचिव सुधीर आजाद तम्बोली, जिलाध्यक्ष राहुल सिन्हा, लविंदर पाल, सैय्यद सलमा, अमित बाघ, जितेंद्र साहू, जयदास मानिकपुरी, दीपेश सोनकर, सीएस नाग, शमीम, अरुण जंघेल, नीलचरण पटेल, मिथलेश कुमार, मौसम साहू, संस्कार तंबोली, थारून निषाद, नंदकुमार मूलचंदानी, जी. नरेश राव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur