सभापति ने ग्रामीणों के साथ सीईओ को सौंपा ज्ञापन,डोर-टू-डोर सत्यापन में सभी पाए गए पात्र…जनपद स्तर से सर्वे रिपोर्ट जिला पंचायत भेजी गई
-संवाददाता-
सूरजपुर/भैयाथान,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। जनपद पंचायत भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत डबरीपारा के 112 पात्र हितग्राहियों के नाम आवास सर्वे सूची से विलोपित होने का मामला सामने आया है,सूची से नाम गायब होने के बाद प्रभावित ग्रामीणों की शिकायत पर दोबारा भौतिक सत्यापन कराया गया,जिसमें संबंधित सभी हितग्राही पात्र पाए गए,इसके बावजूद अद्यतन सूची में नाम दर्ज नहीं होने से ग्रामीणों के सामने आवास योजना के लाभ से वंचित होने की स्थिति बनी हुई है,मामले को लेकर सहकारिता एवं उद्योग विकास विभाग के जनपद सभापति राजू कुमार गुप्ता बुधवार को प्रभावित ग्रामीणों के साथ जनपद पंचायत भैयाथान कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय गुप्ता को ज्ञापन सौंपते हुए 112 पात्र हितग्राहियों के नाम आवास सर्वे की अद्यतन सूची में शामिल कराने तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
तकनीकी त्रुटि के चलते सूची से कटे नाम-ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि संबंधित प्रक्रिया के दौरान हुई तकनीकी त्रुटि के कारण ग्राम पंचायत डबरीपारा के 112 ग्रामीणों के नाम आवास सर्वे सूची से विलोपित हो गए थे,नाम सूची से हटने के बाद प्रभावित हितग्राहियों की ओर से शिकायत की गई,शिकायत सामने आने के बाद संबंधित हितग्राहियों का दोबारा सत्यापन कराया गया,इस दौरान डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन किया गया,जिसमें सभी 112 हितग्राही नियमानुसार पात्र पाए गए,मामला यहां तक पहुंचने के बावजूद अद्यतन सूची में इन ग्रामीणों के नाम शामिल नहीं होने से अब ग्रामीणों ने प्रशासन से सूची को दुरुस्त कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग उठाई है।
जिले में करीब 18 हजार नाम कटने का दावा-ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि तकनीकी कारणों से केवल डबरीपारा ही नहीं,बल्कि पूरे जिले में लगभग 18 हजार नाम प्रभावित हुए थे,ऐसे में डबरीपारा के 112 पात्र हितग्राहियों के मामले को लेकर ग्रामीणों की मांग है कि सत्यापन में पात्र पाए गए लोगों के नामों को सूची में शीघ्र अपडेट किया जाए,ग्रामीणों का कहना है कि जब दोबारा किए गए भौतिक सत्यापन में पात्रता स्पष्ट हो चुकी है, तो फिर सूची में नाम शामिल होने में देरी क्यों हो रही है,इसी मांग को लेकर ग्रामीणों ने जनपद कार्यालय पहुंचकर अपनी बात रखी और ज्ञापन सौंपा।
जनपद स्तर से रिपोर्ट जिला पंचायत भेजी- मामले में जनपद पंचायत भैयाथान के सीईओ विनय गुप्ता ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने के बाद जनपद स्तर से डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया, सत्यापन के दौरान संबंधित हितग्राही पात्र पाए गए,सीईओ के अनुसार जिला पंचायत द्वारा मांगे गए दस्तावेज और प्रतिवेदन भी जनपद स्तर से उपलब्ध करा दिए गए हैं,आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित फाइल अग्रिम कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर भेजी जा चुकी है,इससे फिलहाल यह स्पष्ट है कि जनपद स्तर पर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट आगे भेजी गई है,जबकि पात्र हितग्राहियों के नाम अद्यतन सूची में कब तक दर्ज होंगे,यह आगे की कार्रवाई पर निर्भर करेगा।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद- ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम पंचायत डबरीपारा के खुटरापारा सहित विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में ग्रामीण जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे। इनमें लक्ष्मण, बजरंगी, अवधेश यादव, कुन्ती, अनिता यादव, ईश्वर, ब्रजेश्वर, शोभित, मानिक चंद, राकेश साहू, लवकेश यादव, आशीष यादव, लालजी यादव, कैलास, फूलकुंवर, रविशंकर, कृष्ण बिहारी, प्रेमबहादुर, कलिराम, लच्छन, मनिराम, रामगुलाम, छोटा कुमार साहू, हसेलाल, लालचंद, विजय, तेजबहादुर यादव, सावित्री यादव, ओमप्रकाश, कोमल, शिवशंकर, सतीश यादव, हरिशंकर यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
‘ग्रामीणों की शिकायत प्राप्त होने के बाद हमारे द्वारा डोर-टू-डोर भौतिक सत्यापन कराया गया, जिसमें संबंधित हितग्राही वास्तव में पात्र पाए गए हैं। जिला पंचायत द्वारा जो भी दस्तावेज व प्रतिवेदन चाहे गए थे, जनपद स्तर से सर्वे उपरांत समस्त रिकॉर्ड जिला पंचायत को उपलब्ध करा दिए गए हैं। जनपद स्तर की आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर अग्रिम कार्रवाई हेतु फाइल उच्च स्तर पर प्रेषित कर दी गई है। ‘
विनय गुप्ता,मुख्य कार्यपालन अधिकारी,जनपद पंचायत भैयाथान
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur