Breaking News

अम्बिकापुर@राजस्व रिकॉर्ड में रकबा बढ़ाकर 20 लाख की जमीन धोखे से बेचने का आरोप

Share


मेण्ड्राकला में खसरा नंबर 922 के रिकॉर्ड में हेराफेरी का खुलासा,भू-स्वामी समेत तत्कालीन पटवारी पर केस दर्ज


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेण्ड्राकला में जमीन के रकबे में हेराफेरी कर धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत और प्रशासनिक जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भू-स्वामी पाण्डु, बुढिय़ा और तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ धोखाधड़ी,कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार ब्रह्मरोड निवासी रमेश कुमार अग्रवाल ने मेण्ड्राकला स्थित खसरा नंबर 922 की 0.753 हेक्टेयर जमीन का सौदा किया था। पूरी राशि का भुगतान कर जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण कराने के बाद जब मौके पर सीमांकन कराया गया तो वास्तविक रकबा कम मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार इससे उसे करीब 20 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ।
पुराने रिकॉर्ड में की गई हेराफेरी : शिकायत के बाद कलेक्टर कार्यालय की भू-अभिलेख शाखा ने जांच कराई। जांच रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2005 से 2007 के दौरान पदस्थ तत्कालीन हल्का पटवारी पन्ने लाल सोनवानी ने पाण्डु और बुढिय़ा के नाम दर्ज मूल रकबे 0.433 हेक्टेयर में कथित ओवरराइटिंग एवं कूटरचना कर 0.753 हेक्टेयर दर्ज किया था। इसी रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का विक्रय किए जाने की बात जांच में सामने आई।
तीन आरोपियों पर एफआईआर : विशेष जांच दल की रिपोर्ट में शासकीय अभिलेखों में हेरफेर की पुष्टि होने के बाद मणिपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार पाण्डु पिता कल्याण दास,बुढिय़ा पिता कल्याण दास और तत्कालीन पटवारी पन्ने लाल सोनवानी के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। एफआईआर दर्ज की गई है।


Share

Check Also

सूरजपुर/शिवप्रसादनगर@ शिवप्रसादनगर में भ्रष्टाचार का ‘कॉन्फिडेंस’ हाई! ‘खबर छापो, शिकायत करो…कुछ नहीं होगा’ का भरोसा आखिर किसके दम पर?

Share खबर छापो, शिकायत करो…हम देख लेंगे! शिवप्रसादनगर में कथित ‘कॉन्फिडेंस’ ने सहकारिता पर ही …

Leave a Reply