
वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर है, उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण : मंत्री राजेश अग्रवाल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को सियानगुड़ी में वृद्धजनों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने उपस्थित वृद्धजनों को शॉल श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर है। उनके जीवन का अनुभव समाज के लिए महत्वपूर्ण है। वृद्धजनों के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना परिवार के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। माता-पिता और वृद्धजनों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। ये हमारे देश के संस्कार हैं कि आज बच्चे अपने माता-पिता, बड़े बुजुर्गों का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि परिवार में माता-पिता का सम्मान और उनकी सेवा करने से परिवार में आपसी प्रेम, संस्कार और सद्भाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि शासन एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा वृद्धजनों के हित में संचालित योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उन्हें मिलना चाहिए। इस दौरान उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में वृद्धजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानजनक जीवन की कामना की। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने माता-पिता का सम्मान करें और वृद्धजनों की भावनाओं को समझते हुए उनका साथ दें। कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं गई।
उपसंचालक समाज कल्याण ने विभाग द्वारा वृद्धजनों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरुपा सिंह, महापौर श्रीमती मंजूषा भगत, सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी,नगर निगम आयुक्त श्री विनय कुमार अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक श्री व्ही.के. उके, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन- वृद्धजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच की गई तथा नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य जांच शिविर के माध्यम से बुजुर्गों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति भी जागरूक किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur