नावापारा में रात को हुई चोरी,डॉग स्क्वायड दुकान से अंबेडकर चौक तक पहुंचा,पुलिस जांच में जुटी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के नावापारा स्थित एक ज्वेलरी शॉप में चोरों ने ताला तोडकर करीब 700 ग्राम चांदी के जेवर और आर्टिफिशियल ज्वेलरी पार कर दी। चोरी की जानकारी बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंची संचालिका को हुई। सूचना पर गांधी नगर पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
नावापारा निवासी निधि सोनी अपने घर में ही श्याम जी ज्वेलर्स नाम से दुकान संचालित करती हैं। मंगलवार रात दुकान बंद करने के बाद वह परिवार के साथ ऊपर मंजिल पर चली गई थीं। खाना खाने के बाद सभी सो गए। बुधवार सुबह निधि सोनी नीचे दुकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं तो ताला टूटा मिला। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। काउंटर में रखे करीब 700 ग्राम चांदी के जेवर और आर्टिफिशियल ज्वेलरी गायब थी। चोरी गए जेवरों में चांदी के ब्रेसलेट सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है। दुकान संचालिका ने मामले की सूचना गांधी नगर पुलिस को दी।
डॉग स्क्वायड अंबेडकर चौक तक पहुंचा : सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। खोजी कुत्ता दुकान के बगल से होते हुए सडक पर पहुंचा और गली के रास्ते अंबेडकर चौक तक गया। इसके बाद वह आगे नहीं जा सका। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामले में संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
हर दिन घर ले जाती थीं महंगे जेवर : दुकान संचालिका के अनुसार वह रोजाना सोने-चांदी के महंगे जेवर दुकान से ऊपर स्थित घर में ले जाती थीं। घटना वाले दिन भी वह सोने-चांदी के जेवर साथ लेकर ऊपर चली गई थीं। दुकान में मुख्य रूप से चांदी के ब्रेसलेट व अन्य आभूषण रखे थे,जिन्हें चोर ले गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur