
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। संत हरकेवल शिक्षा महाविद्यालय, अंबिकापुर में मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन,छत्तीसगढ़ एवं महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान समारोह सह काव्य सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरगुजा के वरिष्ठ एवं नवोदित साहित्यकारों को साझा मंच उपलब्ध कराने के साथ विद्यार्थियों में साहित्य, सृजना त्मकता और सांस्कृतिक चेतना के प्रति रुचि विकसित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्राचार्य एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुरेश प्रसाद जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में वरिष्ठ साहित्यकार एवं भाजपा महामंत्री विनोद हर्ष,वरिष्ठ साहित्यकार एवं समाजसेवी संतोष दास सरल,राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अजय पाल तथा मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश स्तुति और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। अतिथियों के स्वागत के बाद साहित्यिक प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। इस दौरान सरगुजा के वरिष्ठ साहित्यकार देवेंद्र दुबे, मुकुंद लाल साहू,डॉ.पूनम दुबे,डॉ.अंजू पाण्डेय,आशा पाण्डेय,श्याम बिहारी पांडेय, डॉ. सपना सिन्हा,ममता शुक्ला सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। कवियों ने सामाजिक सरोकार,समसामयिक विषयों, मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विभिन्न पक्षों को अपनी कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त किया। राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित देवेंद्र दुबे की हास्य एवं प्रेम आधारित कविता ने भी खूब सराहना बटोरी। सम्मान समारोह में महाविद्यालय के सत्र 2024-26 में कक्षा में स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले भीखम लाल,द्वितीय स्थान के दिनेश कुमार तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्राची गुप्ता एवं प्रज्ञा बंसल को सम्मानित किया गया। द्वितीय सेमेस्टर में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मुस्कान गुप्ता, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली हरबाला यादव,मनीषा सिंह एवं रिंकी यादव तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रेरणा बेक को भी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
काव्य सम्मेलन में प्रस्तुति देने वाले सभी आमंत्रित कवियों एवं साहित्यकारों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर डॉ. सुरेश जायसवाल की पुस्तक ‘नान नान कहनी’ का विमोचन किया गया। मानव कल्याण एवं सामाजिक विकास संगठन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार पाण्डेय ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा आयोजन में महाविद्यालय द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार जताया। महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन आशा पाण्डेय ने किया। समापन अवसर पर साहित्यकारों द्वारा रचित पुस्तकों को महाविद्यालय के पुस्तकालय के लिए भेंट किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. अंजन सिंह के निर्देशन एवं कार्यक्रम प्रभारी सुमन पाण्डेय के नेतृत्व में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. पूजा दुबे, डॉ. रानी पाण्डेय, नीरू त्रिपाठी, चंदा सिंह सहित समस्त सहायक प्राध्यापकों और प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के प्रशिक्षार्थियों का सहयोग रहा। आयोजन ने विद्यार्थियों को साहित्य एवं संस्कृति से जोड़ने के साथ रचनात्मक अभिव्यक्ति और साहित्यिक चेतना को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur