रिंग रोड,बनारस रोड,खरसिया नाका समेत एनएच-43 और प्रतापपुर रोड की टीम ने की समीक्षा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सडक दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार के लिए बुधवार को पुलिस, परिवहन,एनएच और पीडब्ल्यूडी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर व आसपास के प्रमुख ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। टीम ने रिंग रोड, बनारस रोड, खरसिया नाका, अंबिकापुर-बतौली मुख्य मार्ग और प्रतापपुर रोड समेत अन्य दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में किए गए निरीक्षण के दौरान टीम ने संबंधित मार्गों पर हादसों के संभावित कारणों की समीक्षा की। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार और सुरक्षा उपायों पर भी चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाने, ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक डामरी करण कराने तथा संकेतकों के साथ स्पीड लिमिट बोर्ड लगाने के लिए स्थानों का चिन्हांकन किया गया। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई के लिए संयुक्त कार्य योजना और रिपोर्ट तैयार की गई है। संयुक्त टीम में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त्य,परिवहन विभाग के उप निरीक्षक एटी द्विवेदी,डीआरएम शिवराम परिडा, एनएच विभाग के एसडीओ निखिल लकड़ा,पी डब्ल्यू डी के उप अभियंता महेश साहू,मणिपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक सीपी तिवारी, लुंड्रा की उप अभियंता सरिता ठाकुर, प्रतापपुर रोड की उप अभियंता पल्लवी दुबे,उप अभियंता प्रमोद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
अधिकारियों के अनुसार, चिन्हांकित स्थानों पर आवश्यक सुधार और सुरक्षा उपायों को आगे की कार्रवाई में शामिल किया जाएगा,ताकि दुर्घटनाओं की संख्या कम की जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur