नई दिल्ली,29 सितम्बर 2026। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद कांग्रेस नेतृत्व की ओर से की गई प्रेस वार्ता पर भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को तीखा पलटवार किया। नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए ईरानी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग पर लगातार सवाल उठाना अब संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाने की दिशा में बढ़ रहा है। स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि खराब करने की बात कह चुके हैं,लेकिन अब कांग्रेस का हमला संवैधानिक संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बार-बार यह कहते रहे हैं कि राजनीतिक रूप से उन पर हमला किया जाए,लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। इसके बावजूद,उनके अनुसार,कांग्रेस नेतृत्व संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाने से पीछे नहीं हट रहा। भाजपा महामंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाली संवैधानिक संस्था है और भारतीय लोकतंत्र में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जनता का समर्थन नहीं मिलने के कारण वह अपनी चुनावी हार की समीक्षा करने के बजाय चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur