Breaking News

अम्बिकापुर@माता-पिता लौटे तो अंदर से बंद था दरवाजा,हथौड़ी से खोला तो 10 साल की बेटी मृत मिली

Share


मथुआपारा की घटनाः पांचवीं की छात्रा थी अंजिता, शाम को घर में अकेली थी; मौत की वजह अब तक सामने नहीं आई


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। रविवार शाम करीब 6 बजे माता-पिता घर लौटे तो उनका 10 साल का बेटा बाहर खेल रहा था। उन्होंने बड़ी बेटी अंजिता के बारे में पूछा तो बेटे ने बताया कि दीदी अंदर सो रही है। माता-पिता ने दरवाजा खटखटाया, आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं आया। दरवाजा अंदर से बंद था। अनहोनी की आशंका में हथौड़ी से दरवाजा खोला गया। अंदर का दृश्य देखकर माता-पिता के पैरों तले जमीन खिसक गई। 10 साल की अंजिता फंदे पर मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र के मथुआपारा की है। अंजिता एक्का यहां अपने माता-पिता और दो छोटे भाई-बहनों के साथ किराए के मकान में रहती थी। वह घर के पास स्थित प्राथमिक शाला मथुआपारा में कक्षा पांचवीं में पढ़ती थी। परिवार मूल रूप से लखनपुर क्षेत्र के ग्राम किरकेला का रहने वाला है। पिता मजदूरी करते हैं और मां एक होटल में काम करती हैं।
पत्नी को लेने निकले थे पिता, बेटी घर में रह गई
परिजनों के मुताबिक रविवार शाम करीब 4.45 बजे पिता छोटी बेटी को साथ लेकर पत्नी को लेने होटल गए थे। अंजिता घर में ही थी। करीब 6 बजे माता-पिता वापस लौटे। घर के बाहर छोटा बेटा खेल रहा था। माता-पिता ने उससे अंजिता के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह कमरे के अंदर सो रही है।
कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिलने पर उन्होंने काफी देर तक दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। आवाज लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिवार को किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद हथौड़ी की मदद से दरवाजा खोला गया।
निजी अस्पताल से मेडिकल कॉलेज ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अंदर अंजिता को फंदे पर देखकर परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
10 साल की बच्ची की मौत, वजह की तलाश
अंजिता तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाली महज 10 साल की बच्ची ऐसी स्थिति तक कैसे पहुंची। फिलहाल घटना के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची के घर में अकेले रहने के दौरान क्या परिस्थितियां बनीं और घटना से पहले उसके साथ क्या हुआ, इसकी जानकारी जांच के बाद ही सामने आएगी।


Share

Check Also

रायपुर@ भूपेश बघेल की पाटन चुनाव याचिका सुप्रीम कोर्ट में स्वीकार

Share हाईकोर्ट को प्रारंभिक स्तर पर सुनवाई करने के निर्देश,पहले खारिज हुआ था आवेदनरायपुर,28 सितम्बर …

Leave a Reply