-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। मैनपाट के ग्राम समनिया में सोमवार सुबह जंगल से भटककर पहुंचे भालू ने महिला समेत तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया। तीनों घर के पास ठंड से बचने के लिए धूप में खड़े थे। अचानक भालू ने एक-एक कर तीनों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने और लाठी-डंडे लेकर पहुंचने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। घटना में फुलेश्वरी मझवार (65), सियाराम कुजूर (70) और नेहरू मझवार (70) घायल हुए हैं। तीनों को तत्काल उपचार के लिए कमलेश्वरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फुलेश्वरी के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, सियाराम कुजूर और नेहरू मझवार का उपचार कमलेश्वरपुर अस्पताल में जारी है।
शोर मचाया तो ग्रामीणों ने खदेड़ा : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह तीनों ग्रामीण घर के समीप धूप में खड़े थे। इसी दौरान जंगल से भटककर एक भालू गांव में पहुंच गया। उसने अचानक तीनों पर हमला कर दिया। भालू से बचने के लिए तीनों ने संघर्ष करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू तीनों को छोडकर जंगल की ओर भाग गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur