21 सदस्यीय जिला समिति गठित दिलसाय नाग अध्यक्ष और सोनू शांडिल्य सचिव चुने गए…
कर्जमाफी,एमएसपी कानून समेत कई प्रस्ताव पारित
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ किसान सभा सरगुजा का जिला सम्मेलन 27 सितंबर को लुंड्रा तहसील के ग्राम ढूंन्दु में संपन्न हुआ। संगठन के राज्य उपाध्यक्ष ऋषि कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों और किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सम्मेलन में नई 21 सदस्यीय जिला समिति का गठन करते हुए दिलसाय नाग को पुनः अध्यक्ष और सोनू शांडिल्य को सचिव चुना गया। सम्मेलन की शुरुआत अध्यक्ष दिलसाय नाग द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद पूर्व सम्मेलन से लेकर वर्तमान सम्मेलन तक संगठन की गतिविधियों और कार्यों की रिपोर्ट सचिव सीपी शुक्ला ने प्रस्तुत की। रिपोर्ट पर प्रतिनिधियों ने चर्चा की और आवश्यक संशोधनों के बाद इसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके बाद 21 सदस्यीय नई जिला समिति का गठन किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद समिति ने संगठन की गतिविधियों को सरगुजा के गांव-गांव तक पहुंचाने और किसानों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
किसानों के मुद्दों पर कई प्रस्ताव पारित : सम्मेलन में किसानों के कर्ज माफ करने, न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी एमएसपी को कानूनी अधिकार बनाने, आगामी धान खरीदी व्यवस्था को सुगम बनाने समेत विभिन्न किसान हितैषी मांगों को लेकर प्रस्ताव पारित किए गए। सम्मेलन में चुनाव आयोग को लेकर चल रहे विवाद का भी मुद्दा उठा। संगठन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग संबंधी प्रस्ताव पारित किया। धान खरीदी को लेकर संगठन ने कहा कि आगामी महीनों में होने वाली खरीदी के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्था को पहले से दुरुस्त किया जाना चाहिए।
वहीं एमएसपी को कानूनी गारंटी देने और किसानों के कर्ज माफ करने की मांग को भी सम्मेलन में प्रमुखता से उठाया गया। महिला सभा की नेत्री भगवती शुक्ला ने सम्मेलन के समापन अवसर पर धन्यवाद ज्ञापित किया, जबकि रामलाल हांसदा ने समापन की घोषणा की।
सम्मेलन में गठित नई जिला समिति के सामने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और किसानों से जुड़े सवालों को गांवों से जिला स्तर तक उठाने की चुनौती भी रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur