भरतपुर-सोनहत और मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में सड़क, सिंचाई, बिजली सहित 14 विकास कार्यों की मांग, सरकार से स्वीकृति की उम्मीद जताई
-संवाददाता-
एमसीबी,28 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी श्याम सिंह मरकाम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात कर भरतपुर-सोनहत और मनेंद्रगढ़ क्षेत्र की विभिन्न विकास आवश्यकताओं को लेकर मांगपत्र सौंपा,मांगपत्र में ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में सड़क,सिंचाई,बिजली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रमुख कार्यों को शामिल किया गया है। मरकाम द्वारा रखी गई प्रमुख मांगों में कछौड़ से देवरा तक लगभग 10 किलोमीटर पीएमजीएसवाई पक्की सड़क निर्माण शामिल है, मांगपत्र के अनुसार यह क्षेत्र पहाड़ी और दुर्गम होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है,इसके अलावा देवरा में 7.2 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट की स्थापना की मांग रखी गई है,इसके लिए क्रेडा द्वारा पीडीएन कार्य सहित लगभग 36 लाख 33 हजार 893 रुपये का प्राक्कलन तैयार किए जाने की बात कही गई है।
सिंचाई और सड़क को लेकर भी मांग- मरकाम ने तराबहरा (गरौटटोला) स्थित केवई डायवर्सन बांध से सोकोबहारा तक लगभग 10 किलोमीटर नहर की मरम्मत एवं सीसी पिचिंग कार्य की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी, इसके अलावा मेंढ्रा-भलुवार-राजपुरी सड़क को पक्का करने की मांग शामिल है, मांगपत्र में इन कार्यों को ग्रामीण क्षेत्र की आवागमन और सिंचाई व्यवस्था से जोड़कर प्राथमिकता देने का आग्रह किया गया है, इसके साथ ही भरतपुर और सोनहत क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छोटे लेकिन स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की मांग रखी गई है, इनमें अकला सरई के नकापारा में शिवलाल के घर के पास पुलिया निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, नकापारा से हीरालाल के घर तक 250 मीटर सीसी सड़क के लिए 10 लाख रुपये तथा पुसला में पटेलपारा से रामू के घर से बालम के घर तक 200 मीटर सीसी सड़क के लिए 10 लाख रुपये की मांग शामिल है, पुसला में रामू के घर से छात्रावास पहुंच मार्ग तक आरसीसी पुलिया, खटौली में प्राथमिक शाला से पंचायत भवन तक सीसी सड़क,इंद्रपाल से गुलाब के घर तक सीसी सड़क और प्राथमिक शाला की बाउंड्रीवाल सहित कई कार्यों का प्रस्ताव भी दिया गया है,खटौली में बिछिया बांध नाला के पास पुलिया, भेलवामहुआ से गरुडिन के घर तक सीसी सड़क तथा मोहतटोला में अटल चौक से पंचायत भवन तक सीसी सड़क निर्माण की मांग भी शामिल है।
रोजगार और अन्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा- मुलाकात के दौरान क्षेत्र से जुड़े अन्य जनहित के मुद्दों और रोजगार संबंधी विषयों पर भी चर्चा किए जाने की बात कही गई है, मरकाम ने कहा कि वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, सिंचाई, बिजली तथा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार आवश्यक है, उन्होंने मुख्यमंत्री से मांगपत्र में शामिल कार्यों पर शासन स्तर से विचार कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया, इन प्रस्तावों पर अंतिम स्वीकृति संबंधित विभागों की प्रक्रिया, तकनीकी परीक्षण, बजट उपलब्धता और शासन के निर्णय पर निर्भर करेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur