शीशा टूटा,ममता बनर्जी की श्रीरामपुर जनसभा में जा रहे थे तृणमूल विधायक,जांच में जुटी पुलिस
कोलकाता,26 सितम्बर 2026। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के विधायक कुणाल घोष की कार पर कथित तौर पर अंडे और पत्थर फेंके गए। घटना उस समय हुई जब घोष मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की श्रीरामपुर में आयोजित जनसभा में शामिल होने जा रहे थे। उत्तरपाड़ा के शॉखेर बाजार इलाके में उनकी गाड़ी को लोगों के एक समूह ने घेर लिया और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी कार के आगे और पीछे के शीशों को नुकसान पहुंचा। घोष के अनुसार,भीड़ ने उनकी गाड़ी पर अंडे और पत्थर फेंके। हमले में कार का पिछला शीशा टूट गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी की स्थिति बन गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को वाहन के आसपास जमा होकर विरोध करते देखा जा सकता है। घटना के समय कुणाल घोष कार की अगली सीट पर बैठे थे। उनके साथ मौजूद सहयोगियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया। वीडियो में भीड़ को वाहन को आगे बढऩे से रोकते और नारेबाजी करते देखा जा सकता है। वाहन के शीशे टूटने के बाद उसके भीतर और बाहर कांच के टुकड़े तथा अंडों के अवशेष दिखाई दिए। घोष ने घटना को लेकर पुलिस की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हमले के लिए किसी व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी तय नहीं की है। मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने हमले के पीछे राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया। दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों से इनकार किया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur