Breaking News

लखनऊ@उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी-तूफान का कहर…15 लोगों की मौत,117 मकान ढहे

Share

लखनऊ,26 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे से जारी बारिश और आंधी-तूफान के चलते विभिन्न हादसों में करीब 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 117 कच्चे एवं जर्जर मकान गिर गए। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि प्रदेश में पिछले 48 घंटों से जारी भारी बारिश एवं प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। शनिवार को प्रभावित जनपदों के जिलाधिकारियों को अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि एवं आंधी-तूफान के कारण प्रदेश में 15 जनहानि, 04 पशुहानि तथा 117 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त 05 व्यक्ति घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 63 जनपदों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पूरे प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई है। फर्रुखाबाद में सामान्य से कई गुना अधिक, कानपुर नगर तथा कन्नौज, कानपुर देहात एवं हरदोई में भी कई गुना अधिक बारिश दर्ज की गई है। भदोही, देवरिया एवं अलीगढ़ में सामान्य बारिश हुई है,जबकि गाजीपुर में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। बागपत,गाजियाबाद, मथुरा,मुजफ्फरनगर,सहारनपुर,शामली, गौतमबुद्धनगर एवं हापुड़ में बारिश नहीं हुई है। राहत आयुक्त के मुताबिक,प्रदेश में जनहानि के मामलों में अमेठी,बहराइच,बांदा, बाराबंकी, बस्ती,फतेहपुर,हमीरपुर,हरदोई एवं कानपुर नगर में 01-01, अयोध्या में 02 तथा लखीमपुर खीरी में 04 जनहानियां हुई हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में नीमगांव क्षेत्र के रहमतपुर गांव में बारिश के दौरान कच्चा मकान गिरने से पति-पत्नी और उनके बेटे की मलबे में दबकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों के शव निकाले। हमीरपुर जिले के सरीला तहसील के जलालपुर थाना क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव में शनिवार को पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिरने से मलबे में दबकर करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में छप्पर गिरने से अधेड़ महिला की मौत हो गई। संतकबीरनगर में तेज बारिश के दौरान पेड़ गिरने से बाइक सवार 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई।
बहराइच में पांच की मौते
तूफानी हवाओं के साथ हुई भारी बारिश में कई मकान और पेड़ गिर गए। चार लोगों की मौत के साथ दीवार गिरने से एक बच्चे की भी जान गई। कैसरगंज तहसील क्षेत्र में दो, नानपारा में एक और बहराइच कोतवाली देहात क्षेत्र में रिक्रूट सिपाही समेत चार लोगों की मौत हुई। सड़क पर गिरे पेड़ और पोल से टकराने से भी हादसे हुए। हजारों पेड़ गिरने से पूरे जिले में बिजली ठप है और ब्लैकआउट जैसे हालात हैं।
सीतापुर में चार की मौत
हरगांव और महमूदाबाद में बारिश के बीच कच्ची दीवार गिरने से अलग-अलग हादसों में बुजुर्ग और बच्चों समेत चार लोगों की मौत हुई। लगातार बारिश से कच्चे मकानों पर खतरा बना हुआ है।


Share

Check Also

कोलकाता@कुणाल घोष की कार पर अंडे-पत्थर से हमला….

Share शीशा टूटा,ममता बनर्जी की श्रीरामपुर जनसभा में जा रहे थे तृणमूल विधायक,जांच में जुटी …

Leave a Reply